Hijab Row: सुपरमॉडल बेला हदीद ने हिजाब विवाद पर जताई नाराजगी, कहा- महिलाओं को क्या पहनना है, यह आप नहीं बताएंगे
कर्नाटक के उडुपी जूनियर कॉलेज में हिजाब को लेकर शुरू हुआ विवाद अब देशभर में गूंज रहा है। राजनेता से लेकर तमाम बॉलीवुड और हॉलीवुड सितारों ने इसपर अपनी राय रखी है। अब हिजाब विवाद पर सुपरमॉडल बेला हदीद ने भी अपनी राय रखी है। उन्होंने हिजाब विवाद को महिलाओं के प्रति पक्षपात की भावना व पुरुषों के अहंकार से पूर्ण बताया।
आप न बताएं महिला को क्या पहनना है क्या नहीं
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा है, "मैं मुस्लिमों से भेदभाव करने वाले फ्रांस, भारत, क्यूबेक, बेल्जियम और दुनिया के अन्य देशों से अपने निर्णयों पर पुनर्विचार करने का आग्रह करती हूं। महिलाओं को क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं…यह बताना आपका काम नहीं है...खासकर जब यह आस्था और सुरक्षा से संबंधित हो। हर महिला के पास अपने शरीर को लेकर निर्णय लेने का पूरा हक है। इसे लेकर फैसला करने का अधिकार उनके सिवाए और किसी के पास भी नहीं है।''
इससे पहले जावेद अख्तर ने लिखा था- मैं कभी हिजाब के पक्ष में नहीं रहा। मैं अब भी उस पर कायम हूं, साथ ही मैं उन लड़कियों के छोटे ग्रुप को डराने धमकाने की कोशिश करने वाले गुंडों की निंदा करता हूं। क्या यही उनकी "मर्दानगी" है। अफसोस की बात है।
हिजाब विवाद को स्वरा ने द्रौपदी के चीर हरण से जोड़ा
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने भी इस घटना को शर्मनाक बताया। स्वरा ने हिजाब विवाद की तुलना द्रौपदी चीरहरण से की थी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था, महाभारत में द्रौपदी के जबरन कपड़े उतारे गए थे और सभा में बैठे जिम्मेदार, शक्तिशाली, कानून बनाने वाले देखते रहे….ऐसे ही आज याद आ गया।
क्या है हिजाब विवाद
जनवरी में उडुपी के ए कॉलेज में कुछ छात्राओं को हिजाब पहनने की वजह से कक्षा में प्रवेश नहीं दिया गया था। इस मामले को लेकर एक छात्रा ने कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दायर की और हिजाब पहनकर कक्षा में जाने की इजाजत मांगी थी। कोर्ट ने फिलहाल छात्राओं को शैक्षणिक संस्थानों में धार्मिक पोशाक पहनने पर पाबंदी लगाई गई है। इस पर 5 छात्राओं की ओर से नई याचिका दायर की गई है। इस याचिका पर 21 फरवरी को कोर्ट सुनवाई करेगी।