Cannes 2025: कान फिल्म फेस्टिवल में अचानक हुई बिजली गुल, कुछ वक्त के लिए रोकना पड़ा कार्यक्रम
78th Cannes Film Festival: 78वां कान फिल्म फेस्टिवल चल रहा है। देश-दुनिया से सिने जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां वहां पहुंची हैं। आज शनिवार को फेस्टिवल के आखिरी दिन फ्रांस में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विस्तार
78वें कान फिल्म फेस्टिवल का आज शनिवार 24 मई को समापन है। इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में देश-दुनिया की चर्चित सिने हस्तियां पहुंची हैं। इस बीच आज शनिवार को दक्षिण-पूर्वी फ्रांस में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। साथ ही कान फिल्म फेस्टिवल में कुछ समय के लिए कार्यक्रम रक गए, जबकि इस प्रतिष्ठित समारोह में टॉप अवॉर्ड वितरित किए जाने थे।
16 हजार घरों की बिजली गुल
एपी के हवाले से पीटीआई ने बताया, बिजली नेटवर्क ऑपरेटर आरटीई ने एक्स पर बताया कि शनिवार सुबह हाई-वोल्टेज लाइन गिरने से अल्पेस-मेरीटाइम्स विभाग के लगभग 160,000 घरों की बिजली गुल हो गई। यह कटौती कान फिल्म फेस्टिवल के पास एक बिजली सबस्टेशन में रात में आग लगने के कुछ घंटों बाद हुई, जिससे ग्रिड पहले ही कमजोर हो गया था।
आयोजकों ने कही ये बात
कान फिल्म फेस्टिवल के आयोजकों ने पुष्टि की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से शनिवार की शुरुआती एक्टिविटी प्रभावित हुईं। साथ ही कहा कि क्रोइसेट के मुख्य आयोजन स्थल पैलेस डेस फेस्टिवल्स को स्वतंत्र विद्युत आपूर्ति पर स्विच करना पड़ा। बयान में कहा गया, 'समापन समारोह सहित सभी निर्धारित कार्यक्रम और स्क्रीनिंग, योजना के अनुसार और सामान्य परिस्थितियों में आयोजित की जाएंगी। इस स्तर पर, आउटेज का कारण अभी तक पहचाना नहीं जा सका है। बहाली के प्रयास जारी हैं'।
Alia Bhatt: क्या आलिया भट्ट दूसरी बार प्रेग्नेंट हैं? Cannes लुक देखकर फैंस ने किए सोशल मीडिया पर सवाल?
लोगों से की गई यह अपील
कान और उसके आस-पास के शहर एंटिबस के कुछ हिस्सों में सुबह 10 बजे के बाद ट्रैफिक लाइटें काम करना बंद कर देती हैं, जिससे शहर के केंद्रों में ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। क्रोइसेट के किनारे की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। लोकल खाने की दुकानें सिर्फ कैश से भुगतान ले रही थीं। कान में ट्रेन सेवा भी बाधित रही। अधिकारियों ने कहा कि बहाली के प्रयास जारी हैं और निवासियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई।