Satluj Movie Leaked: ऑनलाइन लीक हुई ‘सतलुज’, जी5 ने पाइरेसी पर जताई नाराजगी, पोस्ट कर लोगों से की ये अपील
Satluj Movie: दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ रिलीज के कुछ ही घंटों बाद ऑनलाइन लीक हो गई है। इसे लेकर जी5 ने एक और बयान जारी किया है और दर्शकों से पाइरेसी को सपोर्ट न करने की अपील की है।
विस्तार
फिल्म जी5 इंडिया पर रिलीज होने के सिर्फ दो दिन बाद ही प्लेटफॉर्म से हटा दी गई थी। हालांकि, इसके बावजूद लोग इसे देख रहे हैं क्योंकि फिल्म की पूरी पाइरेटेड कॉपी अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है।
मामला तब और चर्चा में आ गया जब फिल्म के लीड एक्टर दिलजीत दोसांझ ने उन लोगों से, जिन्होंने फिल्म डाउनलोड कर ली है, इसे दूसरों के साथ शेयर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब यह फिल्म दर्शकों की है।
जी5 ने दर्शकों से की अपील
सोमवार, 6 जुलाई को जी5 ने एक बयान जारी किया, जब ‘सतलुज’ की पाइरेटेड कॉपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर एक्स पर तेजी से फैलने लगी। कई यूजर्स फिल्म के डाउनलोड किए हुए वर्जन शेयर कर रहे थे, जबकि कुछ लोग कमेंट्स में लिंक और अलग-अलग फाइल फॉर्मेट मांग रहे थे।
वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं
जी5 ने लोगों से अपील करते हुए कहा, ‘हम पूरी कोशिश कर रहे हैं और हमें उम्मीद है। कृपया पाइरेसी को सपोर्ट न करें। हम हर संभव कोशिश कर रहे हैं ताकि ‘सतलुज’ को फिर से आपके सामने ला सकें।’ इसके साथ ही जी5 ने एक पोस्टर भी शेयर किया, जिसमें लिखा था, ‘हम ‘सतलुज’ को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। आप भी अपना काम करें और पाइरेसी को सपोर्ट न करें।’
‘सतलुज’ 3 जुलाई को जी5 इंडिया पर स्ट्रीम होना शुरू हुई थी, लेकिन सिर्फ दो दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। इस फिल्म का जो वर्जन रिलीज हुआ था, वह अनकट था और जसवंत सिंह खालड़ा के परिवार द्वारा मंजूर किया गया था।
‘सतलुज’, जिसका पहले नाम ‘पंजाब 95’ था, हाल ही में जी5 पर रिलीज हुई है। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी पर आधारित है। जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी से प्रेरित यह फिल्म पंजाब के एक मुश्किल दौर में उनके न्याय की लड़ाई को दिखाती है।
ये भी पढ़ें- Diljit Dosanjh: ‘फिल्म घर-घर पहुंच चुकी है, यही मकसद था’, 'सतलुज' पर बैन लगने पर बोले दिलजीत दोसांझ
फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल, कनवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।