जब पीयूष मिश्रा ने पत्नी के सामने किया था एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का खुलासा, कहा- ‘मैं अच्छा पति नहीं था’
Piyush Mishra: एक्टर-राइटर पीयूष मिश्रा ने हाल ही में अपनी जिंदगी की कुछ गलतियों के बारे में खुलकर बात की। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
विस्तार
एक्टर पीयूष मिश्रा कई फिल्मों में अपने शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हाल ही में खुलासा किया कि शादी के शुरुआती कुछ समय तक वह एक अच्छे पति नहीं थे। साथ ही उन्होंने अपनी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में भी खुलकर बातचीत की है।
मैं अच्छा पति नहीं था
पीयूष मिश्रा ने हाल ही में शुभांकर मिश्रा के साथ पॉडकास्ट में अपनी शादी और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स के बारे में बात की और बताया कि उन्होंने अपनी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में खुद अपनी पत्नी प्रिया नारायण को सच बताया था।
पीयूष मिश्रा ने माना कि शादी के शुरुआती कुछ वर्षों में वह एक अच्छे पति नहीं थे। उन्होंने कहा, ‘आज मैं एक अच्छा पति हूं, लेकिन पहले ऐसा नहीं था। उस समय मैं बिल्कुल जिम्मेदार नहीं था, जबकि शादी एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है।
जब आप 20 साल की उम्र में प्यार करते हैं, तो उसमें कोई तर्क नहीं होता, और वही उसकी खूबसूरती होती है।’उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन 35 के बाद आप उसी इंसान से प्यार करते हैं, जो आपके साथ बूढ़ा होने को तैयार हो। प्यार की असली परिभाषा वही है, और मेरी पत्नी ने यह स्वीकार किया कि वह मेरे साथ बूढ़ी होंगी।’
जब एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का हुआ खुलासा
पियूष ने यह भी बताया कि उन्हें यह समझने में काफी समय लगा कि वह एक पति हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे यह मानने में 10–15 साल लग गए कि वह मेरी पत्नी हैं। उससे पहले मैं उन्हें बस एक ऐसी महिला के रूप में देखता था, जो मेरे बच्चों की मां है, मेरे लिए खाना बनाती है और घर संभालती है।’
उन्होंने अपने रिश्ते के एक अहम मोड़ को भी याद किया। पियूष ने बताया, ‘जब मुझे अपनी गलतियों का एहसास हुआ, तो मैंने एक दिन उन्हें बैठाकर सब कुछ सच-सच बता दिया। हम दोनों रोने लगे और एक-दूसरे को गले लगाया। इसके बाद हमें बहुत हल्का महसूस हुआ।’
उन्होंने आगे बताया, ‘उन्होंने मुझसे कहा- तुमने गलतियां कीं, मैंने भी कीं। तुमने ज्यादा कीं, मैंने कम। चलो, अब इन बातों को यहीं खत्म करते हैं।’ इसके बाद हमारी समझ और भी मजबूत हो गई।’
बता दें कि पीयूष मिश्रा ने अपने एक्टिंग करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया। लोग उन्हें उनकी रियलिस्टिक और अलग-अलग किरदारों के लिए जानते हैं। वे ‘रॉकस्टार’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘तमाशा’ और ‘हैप्पी भाग जाएगी’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।