जब आशा पारेख ने डायरेक्टर को दिया करारा जवाब, पूछा- 'आपकी बेटी ऐसे कपड़े पहनती तो अच्छा लगता?'
Asha Parekh: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस आशा पारेख इन दिनों एक पुराने किस्से को लेकर फिर से चर्चा में हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।
विस्तार
एक्ट्रेस आशा पारेख ने हाल ही में एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर सब हैरान रह गए। एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे उन्होंने एक फिल्म के दौरान रिवीलिंग ड्रेस पहनने से साफ इनकार कर दिया था।
क्या था पूरा मामला?
आशा पारेख ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि एक बार एक डायरेक्टर ने उनसे डांस नंबर के लिए बहुत ही रिवीलिंग ड्रेस पहनने को कहा। यह बात उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आई। तब उन्होंने सीधे डायरेक्टर की आंखों में देखते हुए एक सवाल पूछा- ‘अगर आपकी बेटी ये कपड़े पहने तो क्या आपको अच्छा लगेगा?’ उनके इस सवाल के बाद डायरेक्टर चुप हो गया और उस ड्रेस को तुरंत बदल दिया गया।
आशा पारेख ने आज के फिल्मों के ट्रेंड पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि आजकल फिल्मों में हीरोइनों को जरूरत से ज्यादा ग्लैमरस और रिवीलिंग तरीके से दिखाया जाता है, जो सही नहीं है।
ऐसे कपड़ों या सीन की जरूरत नहीं
उनका मानना है कि एक्ट्रेसेस इतनी खूबसूरत होती हैं कि उन्हें खुद को दिखाने के लिए ऐसे कपड़ों या सीन की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा कि उनके समय में ग्लैमर जरूर होता था, लेकिन वह इस तरह के ‘स्किन शो’ पर आधारित नहीं था। एक्ट्रेसेस अपनी सीमाएं जानती थीं और डायरेक्टर्स भी उनका सम्मान करते थे।
क्यों फिर चर्चा में आया यह मामला?
दरअसल, हाल ही में फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर विवाद हुआ, जिसमें जान्हवी कपूर के कुछ सीन को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई। इसी मुद्दे पर बात करते हुए आशा पारेख ने अपना यह पुराना अनुभव शेयर किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- ‘2 महीने में तलाक दे देगा’, पत्नी पायल के कपड़ों पर अरमान मलिक की टिप्पणी, सोशल मीडिया पर हुए जमकर ट्रोल
कौन हैं आशा पारेख?
आशा पारेख हिंदी सिनेमा की सबसे सफल और सम्मानित एक्ट्रेसेस में से एक रही हैं। उन्होंने 1960-70 के दशक में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया और अपने करियर में 80 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रहीं। उन्हें पद्म श्री और दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड जैसे बड़े सम्मान भी मिल चुके हैं।