Usha Kiran: 50 के दशक में पिता ने अभिनय के लिए किया प्रेरित, आज पोती भी करती है फिल्मों में एक्टिंग
50 के दशक में अभिनेत्री उषा किरण ने अभिनय का सफर शुरू किया। लगभग 50 से अधिक हिंदी और मराठी फिल्मों में एक्टिंग की। चार दशक तक वह सिनेमा की दुनिया में सक्रिय रहीं। आज अभिनेत्री उषा किरण का जन्मदिन ( 22 अप्रैल 1929) है। इस मौके पर जानिए, उषा किरण के फिल्म करियर, निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें।
विस्तार
उषा किरण का जन्म एक मराठी परिवार हुआ। पिता बालकृष्ण मराठे हमेशा से उषा के लिए एक मार्गदर्शक की भूमिका में रहे। उषा पांच बहनों में दूसरे नंबर पर आती थीं। उषा ने थिएटर से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की, इस काम के लिए पिता से उन्हें बहुत प्रोत्साहन मिला। जानिए, कैसे शुरू हुआ उषा किरण का फिल्मी दुनिया में आने का सफर? किन फिल्मों और अभिनेता के साथ अभिनय किया? साथ ही आज उषा किरण के परिवार के कौन से सदस्य एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं, विस्तार से जानिए।
इस तरह शुरू हुआ फिल्मों का सफर
उषा किरण के पिता चाहते थे कि बेटी फिल्मों में काम करे। अभिनेत्री के पिता ने एक फिल्म भी बनाई, जिसमें बेटी को अभिनय का मौका दिया। फिल्म फ्लॉप रही लेकिन उषा को एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का मौका मिल गया। उषा ने अपने सरनेम मराठे की जगह किरण शब्द का इस्तेमाल किया। इस तरह वह उषा किरण बनकर हिंदी फिल्मों में पहुंचीं। अभिनेत्री ने इसके बाद लगभग 50 से ज्यादा हिंदी और मराठी फिल्में कीं। ‘कल्पना’ बॉलीवुड में उनकी पहली फिल्म थी।
नामी कलाकारों संग किया अभिनय
उषा किरण ने अधिक फिल्में अपने करियर में भले ही ना की हों लेकिन उन्हें नामी अभिनेताओं के साथ अभिनय करने का मौका मिला। उषा ने दिलीप कुमार, देव आनंद, किशोर कुमार, राज कपूर, अशोक कुमार, राजेंद्र कुमार, राजेश खन्ना, धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन जैसे अभिनेताओं के साथ बड़े पर्दे पर अभिनय किया था। वह ‘नजराना’, ‘दाग’, ‘बंधन’, ‘काबुलीवाला’, ‘पतिता’, ‘मिली’, ‘बावर्ची’ और ‘चुपके-चुपके’ जैसी चर्चित फिल्मों का भी हिस्सा बनीं।
उषा किरण का खुद किसी फिल्मी परिवार से वास्ता ना रहा हो लेकिन आगे चलकर उनके परिवार के कई सदस्य फिल्मों से जुड़े। उषा ने डॉ. मनोहर खेर से शादी की, इनके दो बच्चे हुए अद्वैत्य और तन्वी। बेटे ने मॉडलिंग को अपना करियर बना लिया। अद्वैत्य ने उत्तरा से शादी की, इनकी दो बेटियां हुईं संस्कृति खेर, सैयामी खेर। सैयामी इन दिनों बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय कर रही हैं, अपनी दादी की विरासत को आगे बढ़ी रही हैं। वहीं उषा किरण की बेटी तन्वी ने कोरियोग्राफर बाबा आजमी से शादी की, वह अब तन्वी आजमी के नाम से जानी जाती हैं और फिल्मों में, टीवी में एक्टिंग करती हैं। तन्वी के पति बाबा आजमी, शबाना आजमी के भाई लगते हैं। इस तरह से उषा किरण और शबाना आजमी भी रिश्तेदार हो जाते हैं।