26/11 Mumbai Attack: शहीद उन्नीकृष्णन के माता-पिता ने बहादुर बेटे को किया याद, 'मेजर' की टीम ने भी दी श्रद्धांजलि
इस कार्यक्रम में मेजर उन्नीकृष्णन के माता पिता काफी भावुक हो गए और उनके जीवन के कई पहलुओं के बारे में बताया।
विस्तार
इस साल 26 नवंबर को मुंबई के 26/11 की दिल दहला देने वाली आंतकवादी घटना को 13 साल पूरे हुए। भारत के इतिहास के इस काले दिन में कई लोगों की मौत हुई थी और बहुत से जवान शहीद हुए थे। संदीप उन्नीकृष्णन भारतीय सेना में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के कुल 51 विशेष कार्य समूह के अधिकारी जो 26/11 के हमले में शहीद हो गए थे। उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। अब हिंदी फिल्म जगत में उनके जीवन की कहानी को दिखाते हुए फिल्म 'मेजर' बनाई गई है। हाल ही में टीम मेजर, अदिवी शेष, साईं मांझरेकर, शहीद संदीप उन्नीकृष्णन के माता पिता के साथ मुंबई हमलों में अपनी जान देने वाले बहादुरों को याद करने के लिए एक कार्यक्रम में एकत्रित हुए। इस कार्यक्रम में मेजर उन्नीकृष्णन के माता पिता काफी भावुक हो गए और उनके जीवन के कई पहलुओं के बारे में बताया।
मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन की अनकही कहानी पर्दे पर आने वाली हैं जिसमें उनके बचपन, किशोरावस्था, आर्मी के शानदार सालों और मुंबई हमले के दौरान उनकी मौत की कहानी दिखाई जाएगी। यह फिल्म कई भाषाओं में रिलीज हो रही है। बड़े पैमाने पर बन रही इस फिल्म का टीजर टीम ने पहले रिलीज किया था। इसे देखकर लोगों की भावनाएं उमड़ पड़ी थीं और अब दर्शक बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।
शशि किरण के निर्देशन में बन रही पैन इंडिया फिल्म में अदिवी शेष, शोभिता धूलीपाला, प्रकाश राज, रेवाती और मुर्ली शर्मा नजर आएंगे। यह फिल्म हिंदी, तेलुगु और मलयालम भाषा में रिलीज होगी। महेश बाबू की जीएमबी एंटरटेनमेंट और ए+एस मूवीज के सहयोग से सोनी पिक्चर्स फिल्म्स इंडिया द्वारा निर्मित 'मेजर' दुनियाभर में 11 फरवरी 2022 को रिलीज होगी।