Tamannaah Bhatia: नॉर्थ-साउथ फिल्मों की डिबेट पर तमन्ना का बड़ा बयान, कहा-'हमें एक-दूसरे के खिलाफ...'
तमन्ना भाटिया जल्द ही एक हिंदी फिल्म 'सिकंदर का मुकद्दर' में नजर आएंगी। वह सिर्फ हिंदी नहीं बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अभिनय करती हैं। हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के बीच होने वाले मतभेद पर बात की।
विस्तार
तमन्ना भाटिया को बतौर अभिनेत्री एक बड़ा मुकाम दक्षिण भारतीय फिल्मों में अभिनय करके मिला। बाद में वह हिंदी फिल्मों का भी हिस्सा बनीं। वह दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री की फिल्मों में लंबे समय से अभिनय कर रही हैं। उनकी कई हिंदी और साउथ की फिल्में हिट भी हुई हैं। हाल ही में तमन्ना से एक इंटरव्यू में नॉर्थ और साउथ इंडियन फिल्मों की डिबेट के बारे में सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि लंबे समय से एक विवाद बना हुआ कि हिंदी की फिल्में बेहतर हैं या साउथ की फिल्में अच्छी बनती हैं। दर्शक भी इस मामले में दो हिस्सों में बंटे हुए नजर आते हैं। इस सवाल के जवाब में तमन्ना ने बहुत ही अच्छा जवाब दिया। क्या कहना है तमन्ना भाटिया क्या नॉर्थ और साउथ इंडियन फिल्मों की डिबेट पर।
मतभेद खत्म करने की बात की
हालिया दिए अपने एक इंटरव्यू में तमन्ना भाटिया कहती हैं, 'अब वक्त आ गया है कि हम इन दोनों इंडस्ट्रीज में मतभेद पैदा करना बंद करें। नॉर्थ और साउथ इंडस्ट्री को साथ मिलकर चलना चाहिए और एक पैन इंडिया फिल्म बनानी चाहिए।' वह यह भी कहती हैं कि इन दोनों इंडस्ट्रीज को एक-दूसरे के खिलाफ खेलना बंद करना चाहिए। यह सब लंबे समय से हो रहा है और इस कारण काफी नुकसान भी हुआ है। अब दक्षिण और उत्तर भारत वाली फिल्मों की बहस को खत्म किया जाना चाहिए।
सिकंदर का मुकद्दर को लेकर उत्साहित
नेटफ्लिक्स पर जल्द ही तमन्ना भाटिया की फिल्म 'सिकंदर का मुकद्दर' रिलीज होगी। इसमें उनके साथ अभिनेता अविनाश तिवारी और जिमी शेरगिल भी नजर आएंगे। इस फिल्म को लेकर वह काफी खुश हैं। इसमें तमन्ना का रोल काफी हटकर होने वाला है।
कहानी है रोमांच से भरी
तमन्ना भाटिया की फिल्म 'सिकंदर का मुकद्दर' एक थ्रिलर स्टोरी है। इसमें हीरे की चोरी की एक अनसुलझी कहानी दिखाई जा रही है। एक पुलिस ऑफिसर इस चोरी को अंजाम देने वाले लोगों की तलाश में लगा हुआ है। फिल्म में तमन्ना का रोल काफी रहस्य से भरा है। साथ ही इस फिल्म की कहानी भी दर्शकों को रोमांचक अनुभव देने वाली साबित होगी।