‘रुद्रलोक का स्वागत करते हैं’, सोनम कपूर ने बताया दूसरे बेटे का नाम; दिखाई पहली झलक; समझाया क्या है अर्थ?
Sonam Kapoor Second Son’s Name: अनिल कपूर की बेटी व अभिनेत्री सोनम कपूर ने आज अपने दूसरे बेटे का नामकरण किया है। जानिए क्या है नाम का अर्थ और बड़े बेटे वायु से क्या है नाम का कनेक्शन…
विस्तार
अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा ने अपने दूसरे बेटे के नाम की घोषणा आज कर दी है। सोनम ने बीते 29 अप्रैल को अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया था। जन्म के लगभग 11 दिन बाद आज कपल ने सोशल मीडिया पर अपने नवजात के नाम के बारे में जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने नाम के पीछे छिपे आध्यात्मिक अर्थ के बारे में भी बताया है।
सोनम ने तस्वीर साझा कर बताया क्या है नाम
सोनम कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर दो फैमिली पिक्चर शेयर की हैं। इनमें सोनम और आनंद के साथ उनके दोनों बेटे नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही कपल ने अपने नवजात बेटे की झलक भी दिखाई है। हालांकि, दोनों ही बेटों के चेहरे को तस्वीरों में नहीं दिखाया है। इन तस्वीरों के साथ ही सोनम ने कैप्शन में एक लंबा सा नोट लिखा है। इसमें उन्होंने बताया कि कपल ने अपने दूसरे बेटे का नाम रुद्रलोक रखा है।
बड़े बेटे वायु से है कनेक्शन
अपने लंबे कैप्शन में सोनम ने लिखा, ‘उस दिव्य शक्ति के आशीर्वाद से जिसने एक बार फिर हमारे जीवन को बदल दिया है, प्यार और कृतज्ञता के साथ हम रुद्रलोक कपूर आहूजा का स्वागत करते हैं।’ इस नाम का अर्थ और इसके पीछे का कारण बताते हुए सोनम ने आगे लिखा, 'वेदों में रुद्र का अर्थ है 'गर्जना करना', जो परम शक्तिशाली है।
वो दुख को जड़ से मिटाने वाला, तूफानों, सांस, शक्ति और परिवर्तन के पीछे की दिव्य शक्ति है। वो वायु से गहराई से जुड़ा है, जो सभी प्राणियों में प्रवाहित होने वाली प्राण शक्ति है। हमारे पहले बेटे का नाम विष्णु के नाम पर रखा गया है, जो जीवन के पालनहार हैं।
विष्णु की कृपा से एकादशी के पवित्र दिन पर जन्मा हमारा दूसरा बेटा अपने भाई के साथ एक दिव्य समान जोड़ी और एक आशीर्वाद के समान हैं, जिसका हम तहे दिल से सम्मान करते हैं।'
सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने 2018 में शादी की थी। इसके बाद साल 2022 में कपल ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। उन्होंने इसका नाम वायु रखा। अब चार साल बाद 29 अप्रैल 2026 को कपल ने अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया। आज सोनम और आनंद ने दूसरे बेटे के नाम से भी पर्दा हटा दिया है।