Dev Patel: रियल लाइफ हीरो बने देव पटेल, ऑस्ट्रेलिया में साहसिक कदम उठाकर बचाई शख्स की जान
फिल्मों में अपने अभिनय से सबको मुरीद बनाने वाले अभिनेता देव पटेल ने वास्तविक जीवन में भी बेहद साहसिक कार्य किया है। ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में दो लोगों की लड़ाई बंद कराने के लिए एक्टर ने पहल की।
विस्तार
फिल्मी पर्दे पर अक्सर हीरो अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर दूसरों की मदद करते नजर आते हैं। मगर 'स्लम डॉग मिलेनियर' जैसी फिल्म में अपने अभिनय का डंका बजा चुके अभिनेता देव पटेल ने तो हकीकत में ऐसा कर दिखाया। दरअसल, मामला ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड का है। वहां एक जनरल स्टोर के बाहर दो लोगों- एक महिला एवं पुरुष के बीच झगड़ा हो रहा था। इस दौरान शख्स के सीने में चाकू लग गया। दोनों के बीच सुलह कराने के लिए देव पटेल बीच में आए और पुलिस के आने तक वहीं रुके रहे। बता दें कि देव ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड के रहने वाले हैं और यह घटना वहीं की है।
दोस्तों के साथ गए थे देव
बता दें कि देव एडिलेड के एक जनरल स्टोर में अपने कुछ दोस्तों के साथ गए थे। वहीं एक महिला एवं पुरुष के बीच झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा काफी बढ़ गया और महिला ने पुरुष की छाती में चाकू घोंप दिया। मामले की गंभीरता को समझते हुए देव पटेल बीच-बचाव करने के लिए आगे आए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देव पुलिस और एंबुलेंस के आने तक मौके पर ही डटे रहे।
समय पर मिला शख्स को उपचार
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, उस शख्स पर चाकू से वार करने वाली महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद हर कोई देव पटेल की तारीफ कर रहा है।
टीम ने की पुष्टि!
देव ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं, मगर भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनकी अच्छी पहचान है। बता दें कि देव पटेल ने वर्ष 2008 में आई फिल्म 'स्लम डॉग मिलेनियर' से अपनी खास पहचान कायम की। इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसे भारतीय बच्चे का रोल निभाया था, जिसे ऑस्ट्रेलियाई परिवार ने गोद लिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक देव ने इस झगड़े को रोकने की कोशिश की, इस बात की पुष्टि उनकी टीम की ओर से की गई है।