Singer KK Death : कॉन्सर्ट के लिए काफी जगह थी और एसी भी ठीक थे, जानें कोलकाता पुलिस आयुक्त ने क्यों किए ये दावे
कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने शुक्रवार को मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर ऐसी कोई स्थिति नहीं था कि लोगों के पास खड़े होने की कमी या भीड़ क्षमता से ज्यादा थी।
विस्तार
हाल ही मे मशहूर गायक केके के अचानक हुए निधन से हर कोई सदमे हैं। वहीं सिंगर की मौत को लेकर रोजाना तरह-तरह के खुलासे सामने सामने आ रहे हैं। इसी बीच अब इस मामले में कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने शुक्रवार को मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर ऐसी कोई स्थिति नहीं था कि लोगों के पास खड़े होने की कमी या भीड़ क्षमता से ज्यादा थी। उन्होंने कहा, "कुछ हद तक ज्यादा भीड़भाड़ हो सकती है, लेकिन ऐसी कोई स्थिति नहीं थी, जिसमें लोगों के पास जगह की कमी हो या उन्हें पसीना आ रहा हो या अन्य लोगों के साथ समस्या हो।"
उन्होंने यह भी कहा कि केके शाम छह बजकर 22 मिनट पर अपने अंतिम कार्यक्रम स्थल पहुंचे और शाम सात बजकर पांच मिनट पर नजरूल मंच पर पहुंचे। इस दौरान हमारे पास पर्याप्त पुलिस मौजूद थी।" पुलिस आयुक्त ने कहा कि गायक के आने से काफी पहले पुलिस व्यवस्था एक सहायक आयुक्त के अधीन थी। सिंगर की मौत के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों की संख्या पर उठे विवाद पर गोयल ने कहा कि "हमारे पास स्पष्ट वीडियो है, जहां आप देख सकते हैं कि लोग आराम से खड़े होकर नाच रहे हैं।"
गोयल ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी समय भगदड़ जैसी स्थिति नहीं थी और जब कार्यक्रम के वीडियो को कई एंगल्स से देखा गया, तो कार्यक्रम को दौरान लोगों के पास कॉन्सर्ट देखने के लिए पर्याप्त जगह थी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों की सही संख्या का पता नहीं चल सका है क्योंकि विभिन्न समयों पर संख्या अलग-अलग रही होगी। उन्होंने कहा कि नजरूल मंच में करीब 2500 सीटें हैं और ज्यादातर भीड़ अपनी-अपनी सीटों के सामने खड़ी थी।
पुलिस आयुक्त ने आगे कहा कि, "हम अनुरोध करते हैं कि अब से कार्यक्रम स्थल डॉक्टर और एक मेडिकल एम्बुलेंस रखी जाए ताकि आपात स्थिति में लोगों को ले जाया जा सके।" साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी स्थल पर बैठने की क्षमता से अधिक टिकटों का वितरण न हो। वहीं, एसी काम ना करने के आरोपों पर पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि हॉल का एयर कंडीशनिंग चलाने वाले अधिकारियों की जानकारी के अनुसार सभी एसी काम कर रहे थे। गौरतलब है कि 31 मई को एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान मशहूर सिंगर केके का कोलकाता में निधन हो गया था।