शत्रुघ्न सिन्हा ने सोनाक्षी की ट्रोलिंग पर बीजेपी आईटी सेल को घेरा, बेटी के राजनीति में आने पर कही ये बात
Shatrughan Sinha on Sonakshi Sinha: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा हाल ही में दिल्ली में हुए सीजेपी के नेतृत्व वाले छात्र प्रदर्शन के समर्थन में खुलकर सामने आई थीं। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। जानिए उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा का इस मामले पर क्या कहना है।
विस्तार
दिग्गज एक्टर और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी के खिलाफ हुई ट्रोलिंग पर बात की है। उन्होंने यह भी बताया कि क्या सोनाक्षी भविष्य में राजनीति में कदम रख सकती हैं।
सोनाक्षी के राजनीति में आने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने क्या कहा?
- एबीपी न्यूज से बातचीत के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा से सोनाक्षी के दिल्ली प्रदर्शन के समर्थन को लेकर सवाल पूछा गया।
- कुछ लोगों ने यह सवाल उठाया था कि उन्होंने दिल्ली के छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई, लेकिन झारखंड में चल रहे छात्र प्रदर्शनों के दौरान ऐसा क्यों नहीं किया।
- इस पर शत्रुघ्न ने इस बात को खारिज किया और कहा कि उनकी बेटी ने कुछ दिन पहले झारखंड के छात्रों का भी खुलकर समर्थन किया था।
- सोनाक्षी अपने राजनीतिक विचारों को लेकर काफी मुखर रही हैं।
- शत्रुघ्न ने यह भी बताया कि कई बार उनकी बेटी के विचार और उनकी बातें खुद उनसे भी ज्यादा मजबूत और बेबाक होती हैं।
- जब उनसे पूछा गया कि क्या सोनाक्षी भविष्य में राजनीति में आने की योजना बना रही हैं, तो उन्होंने कहा, ‘मैं कुछ नहीं कह सकता। पहले मैं उससे पूछता था। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि वह एक योग्य पिता की सबसे योग्य बेटी है।’
सोनाक्षी के खिलाफ ट्रोलिंग बीजेपी आईटी सेल ने करवाई
बातचीत के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने सोनाक्षी के खिलाफ होने वाली ट्रोलिंग को लेकर बीजेपी आईटी सेल पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘जो लोग उसे ट्रोल करते हैं और उसके खिलाफ हंगामा खड़ा करने की कोशिश करते हैं, उनमें से कई पेड ट्रोल हैं। हमारे जो दोस्त हैं, बीजेपी का जो आईटी सेल है, वो ऐसा कर रहा है और जो लोग उनकी नीतियों को फॉलो करते हैं, वो भी ऐसा कर रहे हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह ट्रोलिंग बनाई हुई है। ये पेड ट्रोल हैं। उन्हें खुद नहीं पता कि क्या कहना है। उन्हें लिखकर दिया जाता है कि क्या कहना है। लेकिन सोनाक्षी ने सही किया है कि उसने कहा कि वह ट्रोल्स को देखती तक नहीं है। उसमें बहुत जान है।’
पहले भी ट्रोलिंग का सामना कर चुकी हैं सोनाक्षी
यह पहली बार नहीं है जब सोनाक्षी सिन्हा को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले भी उनकी शादी को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और ट्रोलिंग झेलनी पड़ी थी। सोनाक्षी ने जहीर इकबाल के साथ शादी की थी।
सीजेपी प्रदर्शन के समर्थन में सोनाक्षी ने उठाई थी आवाज
- सीजेपी के नेतृत्व में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान जब एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से जबरन हटाया गया था, तब सोनाक्षी सिन्हा ने इस घटना की निंदा की थी।
- उन्होंने सोनम वांगचुक और दूसरे छात्र प्रदर्शनकारियों के समर्थन में एक वीडियो भी शेयर किया था।
- इसके साथ ही उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहने के फैसले का समर्थन किया था।
- इसी के बाद सोनाक्षी को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।
ये भी पढ़ें- Hayden Panettiere Death: हेडन पैनेटीयर के ऑटोप्सी में नहीं मिले चोट के निशान, मौत की वजह की जांच जारी