‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ की बॉक्स ऑफिस टक्कर पर संजय गुप्ता ने दी प्रतिक्रिया, कलेक्शन को लेकर कही ये बात
Dhurandhar 2 Vs Toxic Clash: 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर एक जबरदस्त क्लैश देखने को मिलेगा, जब ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ की टक्कर होगी। जानिए इस क्लैश पर संजय गुप्ता ने क्या कुछ कहा और क्यों की इसकी ‘काबिल’ और ‘रईस’ से तुलना…
विस्तार
अगले महीने बॉक्स ऑफिस पर साल 2026 का सबसे बड़ा क्लैश देखने को मिलेगा। क्योंकि 19 मार्च को साल की दो सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘टॉक्सिक’ साथ में रिलीज हो रही हैं। दोनों ही फिल्मों को लेकर काफी बज बना हुआ है। दोनों ही फिल्मों का टीजर रिलीज हो चुका है। यही कारण है कि हर सिनेप्रेमी 19 मार्च का इंतजार कर रहा है। हालांकि, एक साथ रिलीज होने से इंडस्ट्री में चिंता भी पैदा हो गई है। फिल्म मेकर राजकुमार गुप्ता का कहना है कि इन दो बड़ी फिल्मों के एकसाथ ही रिलीज होने से दोनों के कारोबार पर बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
संजय गुप्ता का मानना दोनों फिल्मों को होगा नुकसान
वैरायटी इंडिया से बात करते हुए निर्माता-निर्देशक ने कहा कि मैं दोनों फिल्में देखूंगा, लेकिन दुर्भाग्य से दोनों एक साथ रिलीज हो रही हैं। इससे दोनों फिल्मों के कारोबार पर असर पड़ेगा। अपने पिछले अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह वैसा ही है जैसे 2017 में मेरी फिल्म ‘काबिल’ और शाहरुख खान की ‘रईस’ एक ही दिन रिलीज हुई थीं।
अगर दोनों फिल्में अलग-अलग रिलीज होतीं और एक साथ न दिखाई जातीं, तो दोनों को फायदा होता। क्योंकि हमें यह ध्यान रखना होगा कि हम कोई बहुत अमीर देश नहीं हैं। हमारे लोगों के पास इतना पैसा नहीं है कि वे लगातार दो फिल्में देख सकें।
बहुत से लोग एक महीने में दो फिल्में नहीं देख सकते। यह अनावश्यक है, लेकिन फिर भी फिल्म निर्माताओं के शायद अपने कारण होंगे। दोनों फिल्में अच्छा प्रदर्शन करेंगी, लेकिन कोई भी अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंच पाएगी।
यह खबर भी पढ़ेंः Toxic Teaser: ‘राया’ की दुनिया से हटा पर्दा, ‘टॉक्सिक’ का मच अवेटेड टीजर हुआ रिलीज; यश का दिखा दमदार अंदाज
‘धुरंधर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं
संजय गुप्ता ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की तारीफ करते हुए कहा कि धुरंधर 2 के साथ, मुझे कहानी के आगे बढ़ने के तरीके और बाकी सब चीजों का कुछ हद तक अंदाजा है। हम हमजा (रणवीर सिंह का किरदार) की पिछली कहानी, वह ऐसा क्यों बना, वह कौन है, और बाकी सब कुछ दिखाएंगे। ‘धुरंधर’ एक शानदार फिल्म है। मैं इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं कहूंगा, यह एक अभूतपूर्व घटना है। यह सच में घटित हुई है।
गीतू मोहनदास ने किया है ‘टॉक्सिक’ का निर्देशन
साउथ सुपरस्टार यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी भी उन्होंने और यश ने मिलकर लिखी है। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, जिससे पता चला कि फिल्म में यश डबल रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में यश के अलावा हुमा कुरैशी, कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर: द रिवेंज’, पिछले साल आई ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। इसमें एक भारतीय जासूस हमजा की कहानी दिखाई गई है, जो पाकिस्तान में पहचान बदलकर रहता है। फिल्म में देश में घटी अलग-अलग घटनाओं को दिखाया गया है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं।