‘रामायण ने बदल दी मेरी जिंदगी’, रणबीर कपूर ने बताया कैसे फिल्म ने राहा के लिए बेहतर बनने में की मदद?
Ranbir Kapoor On Ramayana: रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ फिल्म को अपने लिए जीवन बदल देने वाला बताया है। जानिए फिल्म और राहा को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी मच अवेटेड आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चाओं में हैं। ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। रणबीर फिल्म में भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म को लेकर रणबीर का कहना है कि फिल्म पर काम करने से उन पर व्यक्तिगत और इमोशनली कितना गहरा प्रभाव पड़ा। उन्होंने खुलासा किया कि इस प्रोजेक्ट ने न केवल जीवन के प्रति उनके दृष्टिकोण को बदला बल्कि उन्हें अपनी बेटी राहा कपूर के लिए एक बेहतर पिता बनने में भी मदद की।
फिल्म ने मुझे ‘रामायण’ और भगवान राम के करीब ला दिया
टॉप मैगजीन के साथ बातचीत के दौरान रणबीर कपूर ने भगवान राम की भूमिका निभाने के बारे में बात की। रणबीर ने स्वीकार किया कि शुरुआत में उन्हें संदेह था कि क्या वे इतने प्रतिष्ठित किरदार के साथ न्याय कर पाएंगे या नहीं। उन्होंने खुद से सवाल किया कि क्या वे इस भूमिका को निभाने के योग्य हैं, लेकिन समय के साथ उनका यह डर प्रोजेक्ट के प्रति प्रेम में बदल गया।
उन्होंने कहा कि मुझे यह समझ में आया कि यह मेरे करियर के लिए कोई निर्णायक कदम नहीं होगा, बल्कि यह निश्चित रूप से मेरे जीवन को बदल देने वाला था। इसने मुझे रामायण को समझने, भगवान राम की यात्रा को समझने के करीब ला दिया। मुझे लगता है कि इसने मेरे जीवन में कई सकारात्मक बदलाव लाए हैं।
मेरी बुरी आदतें बदल गईं, मेरे मूल्यों में बदलाव आया, जीवन को देखने का मेरा नजरिया बदल गया, हानि को देखने का मेरा नजरिया बदल गया, त्याग को देखने का मेरा नजरिया बदल गया, धर्म को देखने का मेरा नजरिया बदल गया और मुझे लगता है कि मुझे अपने जीवन में इसकी बहुत जरूरत थी।
रामायण चाहती थी मैं राहा के लिए बेहतर इंसान ने बनूं
अभिनेता ने आगे बताया कि कैसे पिता बनना और रामायण पर काम करना उनके जीवन में एक साथ घटित हुए, जिससे यह अनुभव उनके लिए और भी अधिक सार्थक हो गया। रणबीर ने कहा कि यह मेरे जीवन का एक प्यारा संयोग था।
राहा ने मुझे एक बेहतर इंसान बनाया और रामायण चाहती थी कि मैं राहा के लिए एक बेहतर इंसान बनूं, इसलिए सब कुछ जुड़ा हुआ था। मैं सही समय पर सही जगह पर था जब हमारी सच्चाई, हमारी संस्कृति, हमारे इतिहास पर आधारित इतनी बड़ी फिल्म सबसे प्रामाणिक तरीके से बन रही थी। यह एक आशीर्वाद था और मैं जीवन भर इसके लिए आभारी रहूंगा।
2022 में हुआ राहा का जन्म
रणबीर और आलिया भट्ट ने 2022 में अपनी बेटी राहा का स्वागत किया था। इसके बाद से अक्सर ही राहा एयरपोर्ट पर कपल के साथ नजर आती हैं। हालांकि, बाद में कपल ने फैंस और पैपराजी से राहा का चेहरा न दिखाने की अपील की।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में और सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में नजर आएंगे। यह फिल्म दो पार्ट में बनाई जाएगी। इसका पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा। जबकि दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।