Pankaj Tripathi: अतरंगी लुक में दिखे पंकज त्रिपाठी, देखकर रणवीर सिंह भी चौंके, कहा- हम सुधर गए और आप बिगड़ गए?
Pankaj Tripathi Fashionable Look: अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने हाल ही में अपनी बेहद फैशनेबल तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इनमें वे अतरंगी ड्रेस में नजर आ रहे हैं। उन्हें देखकर रणवीर सिंह भी चौंक गए हैं।
विस्तार
अभिनेता पंकज त्रिपाठी को पर्दे पर गंभीर और संजीदा किरदार अदा करने के लिए जाना जाता है। सार्वजनिक रूप से भी वे पारंपरिक और सादगीभरे लिबास में नजर आते हैं। मगर, आज शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना ऐसा लुक शेयर किया है कि उन्हें देख लोग चौंक गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि अपने अतरंगी लिबास को लेकर सुर्खियों में रहने वाले रणवीर सिंह भी हैरान रह गए हैं और उन्होंने पंकज त्रिपाठी के पोस्ट पर मजेदार रिएक्शन दिया है।
पंकज त्रिपाठी बोले- 'एक नई शुरुआत'
पकंज त्रिपाठी ने आज शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कुछ फोटोज शेयर की हैं। इनमें वे लाल रंग की सलवारनुमा कुछ परिधान पहने हैं। इसके साथ ग्रीन कलर का लॉन्ग ब्लेजर और कैप लगाकर पोज दे रहे हैं। एक्टर ने फोटोज के साथ कैप्शन लिखा है, 'एक नई शुरुआत। ये किसी दिलचस्प चीज की शुरुआत है। माहौल कैसा है'? पंकज त्रिपाठी की ये तस्वीरें रियल हैं या एआई जेनेरेटिड, यह स्पष्ट नहीं है।
पंकज त्रिपाठी का अंदाज देख रणवीर सिंह चौंके
पंकज त्रिपाठी के इस पोस्ट पर नेटिजन्स के मजेदार कमेंट्स आ रहे हैं। रणवीर सिंह भी उनका यह अंदाज देख चौंक गए हैं। उन्होंने कमेंट किया है, 'अरे! ये क्या, गुरुजी?! हम सुधर गए और आप बिगड़ गए?' एक्टर गुलशन देवैया ने कमेंट किया है, 'ओए पंकी! पंकी ओए! सर, सर, सर'। सुरवीन चावला ने लिखा है, 'पंकज जी, कमाल हैं'।
यूजर बोले- 'रणवीर सिंह को अनफॉलो कर दीजिए'
पंकज त्रिपाठी के इस अंदाज पर यूजर्स ने भी कमेंट्स की झड़ी लगा दी है। कुछ नेटिजन्स ने उन्हें सोशल मीडिया पर रणवीर सिंह को अनफॉलो करने का सुझाव दे दिया है। कुछ यूजर्स सवाल कर रहे हैं, 'क्या यह रियल है? या एआई से बनी तस्वीरे हैं?' एक यूजर ने लिखा है, 'कालीन भैया ने मिर्जापुर की कालीन का पूरे विश्व में प्रचार कर दिया है'।