Operation Valentine: देशभक्ति की भावना से भरपूर है 'ऑपरेशन वैलेंटाइन' का टीजर, दमदार डायलॉग जीत लेगा दिल
सच्ची घटनाओं से प्रेरित, 'ऑपरेशन वेलेंटाइन' में वरुण तेज ने अर्जुन देव की भूमिका निभाई है। वहीं, मानुषी छिल्लर एक रडार अफसर के किरदार में हैं।
विस्तार
तेलुगु स्टार वरुण तेज और मानुषी छिल्लर अभिनीत फिल्म ऑपरेशन वैलेंटाइन का टीजर जारी कर दिया गया है। फिल्म का मोशन पोस्टर पिछले सप्ताह रिलीज किया गया था, जिसे देखकर दर्शकों का उत्साह काफी ज्यादा बढ़ गया था। फर्स्ट स्ट्राइक के नाम से जारी किया गया यह टीजर बेहद रोमांचक है।
फिल्म में वायुसेना का शौर्य लोगों के सामने पेश करने की कोशिश की गई है। शक्ति प्रताप सिंह हाड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म का टीजर निश्चित रूप से सभी प्रशंसकों के रोंगटे खड़े कर देने वाला है। इसमें मुख्य अभिनेता वरुण तेज के कुछ दमदार संवादों नजर आए हैं जो लोगों को काफी पसंद आएंगे।
टीजर में अभिनेता कहते हुए नजरआए हैं कि हमारे देश के लिए अपने दुश्मनों को यह याद दिलाना महत्वपूर्ण है कि ये देश गांधीजी के साथ-साथ सुभाष चंद्र बोस का भी है। टीजर में वंदे मातरम का बैकग्राउंड संगीत दर्शकों में देशभक्ति जगाता है। फिल्म की कहानी वायु सेना के नायकों के अदम्य साहस और देश की रक्षा के लिए उनके सामने आने वाली चुनौतियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित, 'ऑपरेशन वेलेंटाइन' में वरुण तेज ने अर्जुन देव की भूमिका निभाई है। वहीं, मानुषी छिल्लर एक रडार अफसर के किरदार में हैं। 'ऑपरेशन वेलेंटाइन' सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल प्रोडक्शंस, संदीप मुड्डा की रेनेसां पिक्चर्स द्वारा निर्मित और गॉड ब्लेस एंटरटेनमेंट (वकील खान) और नंदकुमार अब्बिनेनी द्वारा सह-निर्मित है। इस फिल्म से शक्ति प्रताप सिंह हाड़ा निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। यह फिल्म 16 फरवरी, 2024 को तेलुगु और हिंदी में रिलीज होगी।
KWK 8: इस बार करण के शो में मचेगा पुलिस वालों का धमाल, जब दहाड़ते नजर आएंगे सिंघम और रोहित की जोड़ी