एक्शन, कॉमेडी और गाली! 'वन टू चा चा चा' का ट्रेलर रिलीज, दूल्हा बनने को उतावले दिखे आशुतोष राणा
One Two Cha Cha Chaa Trailer: फिल्म 'वन टू चा चा चा' का ट्रेलर आज मंगलवार को रिलीज हो गया है। इसमें आशुतोष राणा और नायरा बनर्जी लीड रोल में हैं।
विस्तार
आशुतोष राणा की आगामी फिल्म 'वन टू चा चा चा' का ट्रेलर जारी हो गया है। यह एक्शन कॉमेडी फिल्म बताई जा रही है। फिल्म के ट्रेलर में भी इसकी झलक है। इसमें कॉमेडी का तड़का है। एक्शन भी है। मगर, इसके साथ गाली-गलौज भी सुनने को मिली है। जानिए कैसा है ट्रेलर?
चाचा बने नजर आए आशुतोष राणा
ट्रेलर के शुरुआती सीन में आशुतोष राणा (चाचा) और अन्य लोग कार में बैठे यात्रा करते दिख रहे हैं। सब घबराए हुए हैं और एक बैग छिपाने की बात करते हैं। आशुतोष राणा से चुप रहने को कहा जाता है। आगे पुलिस चेकिंग होती है और परमिशन लेटर मांगा जाता है। मगर, इस लेटर को आशुतोष राणा यानी चाचा पहले ही खाकर डकार ले चुके होते हैं।
जापान जाकर शादी की प्लानिंग
अगले सीन में चाचा एक शादी समारोह में पहुंचते हैं। वहां, वे खुद दूल्हे राजा बनने की ख्वाहिश जताते हैं। उनसे कहा जाता है, 'तुम्हारी शादी नहीं हो सकती'। इस पर नाराज होकर वे यह कहते हुए समारोह से निकल जाते हैं, 'तो अब हमारा श्राद्ध होगा'। आगे की प्लानिंग में चाचा जापान जाकर शादी करने का सपना देखते हैं और प्लानिंग करते हैं कि उनका दोस्त आकर कन्यादान करेगा। उधर चाचा को तलाश करने लोग निकले हैं। इसी बीच कुछ ऐसा होता है कि कॉमेडी में एक्शन का तड़का लगता है।
यह खबर भी पढ़ें: दीपिका ने फैंस के साथ मनाया जन्मदिन, दिए कीमती तोहफे; जानिए गिफ्ट्स से लेकर खाने के मेन्यू तक में क्या कुछ था?
कब होगी रिलीज?
ट्रेलर में 'पंचायत' के विनोद एक्टर अशोक पाठक भी हैं। उनके अलावा अभिमन्यु सिंह, मुकेश तिवारी, हर्ष मायर, ललित प्रभाकर, अनंत वी जोशी जैसे सितारे फिल्म का हिस्सा हैं। पेलुसिडार प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी फिल्म का निर्देशन अभिषेक राज और रजनीश ठाकुर ने किया है। यह फिल्म 16 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।