Eetha: विवादों में फंसी श्रद्धा कपूर की फिल्म, ‘ईठा’ के टाइटल पर उठे सवाल; NCP ने बदलाव को लेकर उठाई ये मांग
Eetha Title Dispute: एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म ‘ईठा’ इन दिनों अपने टाइटल को लेकर विवादों में घिर गई है। जानिए क्या है पूरा मामला।
विस्तार
यह फिल्म मशहूर मराठी लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है, लेकिन अब उनके नाम को फिल्म के टाइटल में शामिल करने की मांग उठ रही है।
नाम टाइटल में होना जरूरी- NCP
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) और विठाबाई के परिवार ने कहा है कि फिल्म में उनकी पहचान और योगदान को पूरा सम्मान मिलना चाहिए, इसलिए उनका नाम टाइटल में होना जरूरी है।
इस मामले पर NCP (शरद पवार गुट) के मुंबई सांस्कृतिक अध्यक्ष सुहास सूर्यवंशी ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि विठाबाई महाराष्ट्र की ‘लावणी सम्राज्ञी’ मानी जाती हैं और मराठी तमाशा लोक कला में उनका बहुत बड़ा योगदान है। ऐसे में फिल्म बनाते समय उनकी गरिमा का खास ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘हम फिल्म बनने के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि उनकी जिंदगी को सही तरीके से बड़े पर्दे पर दिखाया जाए। लेकिन उनके नाम को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, इसलिए फिल्म का नाम उनके नाम पर होना चाहिए।’
गर्भावस्था में भी विठाबाई ने परफॉर्म किया
सुहास सूर्यवंशी ने विठाबाई की मेहनत और समर्पण का एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि विठाबाई अपने काम को लेकर इतनी समर्पित थीं कि गर्भवती होने के बावजूद उन्होंने परफॉर्म करना नहीं छोड़ा।
उन्होंने कहा, ‘वह मंच के प्रति इतनी समर्पित थीं कि गर्भावस्था में भी उन्होंने परफॉर्म किया। यहां तक कि एक बार वह स्टेज पर परफॉर्म करते हुए ही मां बनीं और कुछ ही मिनटों में वापस आकर अपना एक्ट पूरा किया।’
टाइटल को लेकर विवाद
सूर्यवंशी ने ‘विठा’ शब्द का भी मतलब बताया, जिसका संबंध उनके जन्मस्थान पंढरपुर से है, जो एक पवित्र जगह मानी जाती है। उन्होंने कहा कि फिल्म में इन पहलुओं को भी सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने यह भी मांग की कि फिल्म रिलीज से पहले विठाबाई के परिवार और उनसे जुड़े लोगों को फिल्म दिखाई जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी कहानी को सही ढंग से पेश किया गया है।
ये भी पढ़ें- प्रकाश राज ने फिर किया CJP का समर्थन, सरकार पर साधा निशाना; कहा- ‘लड़ाई जारी रखो, हम आपके साथ हैं’
विठाबाई नारायणगांवकर को महाराष्ट्र की सबसे बड़ी लोक कलाकारों में गिना जाता है। उन्हें ‘तमाशा सम्राज्ञी’ के नाम से भी जाना जाता है और उनकी जिंदगी से जुड़े कई किस्से आज भी लोगों के बीच मशहूर हैं।
फिलहाल इस पूरे विवाद पर फिल्म के डायरेक्टर लक्ष्मण उटेकर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।