Sushant Singh Rajput: रिया चक्रवर्ती के खिलाफ NCB ने कोर्ट में दाखिल किया आरोप पत्र, इस तारीख को फैसला लेगी अदालत
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मामले में ड्रग्स के एंगल की जांच कर रही एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। हालांकि, अभी कोर्ट में अभिनेत्री के खिलाफ आरोप तय नहीं हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के मामले में ड्रग्स के एंगल की जांच में जुटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अपने मुख्य आरोपी तय कर लिए हैं। एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक और अन्य लोगों को मुख्य आरोपी बनाया है और अब इस मामले में एनसीबी ने रिया, शौविक और अन्य आरोपियों के खिलाफ स्पेशल कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। इस दौरान रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती कोर्ट की कार्रवाई में मौजूद रहे। बता दें कि एनसीबी ने रिया, शौविक समेत इन लोगों पर सुशांत सिंह राजपूत के लिए ड्रग्स खरीदने का आरोप लगाया है।
विशेष लोक अभियोजक अतुल सरपंदे ने बताया कि चार्जशीट में सभी आरोपियों के आरोप तय हो गए हैं। ड्राफ्ट चार्जशीट को फाइल करते हुए उन्होंने कहा कि रिया चक्रवर्ती और शौविक ने ड्रग्स का इस्तेमाल किया था और उन्होंने ही सुशांत सिंह राजपूत के लिए ड्रग्स को खरीदा था।
उन्होंने ये भी बताया कि कोर्ट सभी आरोपियों पर आरोप तय करने वाली थी लेकिन कुछ आरोपियों ने डिस्चार्ज एप्लीकेशन दाखिल कर दी है, जिस वजह से कोर्ट द्वारा फैसला नहीं लिया गया। उन्होंने आगे बताया कि अदालत द्वारा कहा गया है कि डिस्चार्ज एप्लीकेशन पर फैसला होने के बाद ही अब आरोप तय किए जाएंगे। वहीं, अब स्पेशल जज वीजी रघुवंशी इस मामले की अगली सुनवाई 12 जुलाई को करेंगे।
एक महीने के लिए जेल में रही थीं रिया
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जब एनसीबी ने ड्रग एंगल में इस पूरे मामले की जांच शुरू की थी तब रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया था। रिया लगभग एक महीने तक जेल में रही थीं, जिसके बाद बॉम्बे हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। अभी इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई भी कर रही है लेकिन अब तक एजेंसी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।