Salman Khan Defamation Case: कोर्ट ने खारिज की सलमान खान की याचिका, कहा- केतन कक्कड़ के पास हैं सबूत
सलमान खान आए दिन किसी न किसी विवादों में घिरे रहते हैं। कुछ दिनों पहले सलमान खान के पड़ोसी ने उनपर गंभीर आरोप लगाए थे। अभिनेता ने अपने पड़ोसी के खिलाफ उनकी इमेज खराब करने के लिए मानहानि केस दर्ज किया था। जिसके बाद मुंबई की एक सत्र अदालत ने अभिनेता सलमान खान की उनके एनआरआई पड़ोसी केतन कक्कड़ और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के खिलाफ मानहानि के मुकदमे में 'गैग ऑर्डर' के लिए अंतरिम याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि पनवेल फार्महाउस में केतन कक्कड़ ने अभिनेता के खिलाफ जो भी आरोप लगाए थे वह सही थे।
सलमान खान ने दावा किया था कि उनपर ये आरोप बदनाम करने के लिए लगाए गए हैं। बता दें कि कोर्ट ने ये आदेश केतन कक्कड़ की तरफ से कोर्ट में पेश किए गए सबूतों के आधार पर दिया है। सबूतों में दिखाया गया था कि सलमान खान ने केतन को अपनी जमीन पर आने से रोक दिया था।
पिछले दिनों सलमान खान ने कोर्ट से ये अपील की थी कि इस केस की सुनवाई और फैसले तक केतन कक्कड़ सलमान खान के खिलाफ सोशल मीडिया पर कुछ भी अपमानजनक पोस्ट न करें। उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे और निराधार हैं। ये सिर्फ उन्हें बदनाम करने के लिए है।