‘मुल्क’ के निर्माता को अब भायी स्वच्छता अभियान की कहानी, उत्तर प्रदेश में शुरू करने जा रहे ये फिल्म
तापसी पन्नू की फिल्म ‘मुल्क’ और राधिका आप्टे की फिल्म ‘फोरेंसिक’ से चर्चा में आए निर्माता दीपक मुकुट ने अपनी अगली फिल्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस चर्चित नाम पर बनाने की शुरुआत की है, जिसके चर्चे सोशल मीडिया पर खूब होते रहे हैं। दीपक की इस नई फिल्म का नाम है, 'बाल नरेन'। प्रधानमंत्री के 'स्वच्छ भारत अभियान' से प्रेरित इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश में होने जा रही है। फिल्म की कहानी का प्रधानमंत्री के बचपन से कोई लेना देना नहीं है। ये कहानी एक ऐसे बालक की है जिसके माता पिता की गंदगी के माहौल में डेंगू से मौत हो जाती है।
निर्माता दीपक मुकुट का नाम हाल के दिनों में कंगना रणौत की जल्द रिलीज होने वाली फिल्म 'धाकड़' के लिए काफी चर्चा में रहा है। उनके मुताबिक 'बाल नरेन' की कहानी उन्हें पहली बार में ही बेहद पसंद आई थी। दीपक कहते हैं, "मेरे लिए कहानी ही आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र होती है। ‘बाल नरेन’ की कहानी प्रेरणादायक होने के साथ साथ आपको अचंभित भी कर देगी। स्वच्छता के माध्यम से समाज का कायाकल्प करने का संदेश देने वाली इस फ़िल्म की कहानी अद्भुत है।"
फिल्म ‘बाल नरेन’ की कहानी नरेन नामक एक लड़के की ज़िंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पिता की डेंगू के चलते मौत हो जाती है। इस घटना के बाद नरेन को स्वच्छ भारत अभियान की महत्ता समझ आती है और वह इस मिशन से जुड़कर अपने गांव में साफ सफाई के ज़रिए सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिशों में जुट जाता है। फिल्म में कोरोना संक्रमण की पहली लहर और दूसरी लहर के दौरान के हालात को भी दर्शाया गया है।
फिल्म ‘बाल नरेन’ की शूटिंग उत्तर प्रदेश में शुरू होने जा रही है। इसमें रजनीश दुग्गल, बिदिता बाग, गोविंद नामदेव और विंदु दारा सिंह जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे।