Manisha Koirala: मनीषा ने नहीं मानी फिल्म 'बॉम्बे' ना करने की अटपटी सलाह, आगे चलकर सही साबित हुआ फैसला
मनीषा कोइराला के अभिनय करियर में फिल्म 'बॉम्बे' बहुत ही खास है। इस फिल्म के जरिए उन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिला साथ ही उनके अभिनय को भी सराहा गया, जबकि यह फिल्म ना करने की सलाह उन्हें दी गई थी।
विस्तार
मनीषा कोइराला की उम्दा फिल्मों का जब जिक्र किया जाता है तो उसमें 'बॉम्बे (1995)' का नाम सबसे पहले आता है। मणि रत्नम की इस फिल्म ने मनीषा की छवि को बड़े पर्दे पर बिल्कुल बदलकर रख दिया। उनकी खूबसूरती और अभिनय को फिल्म में उभारने में मणि रत्नम कामयाब रहे। यही कारण है कि बतौर अभिनेत्री आज भी मनीषा निर्देशक मणि रत्नम का बहुत सम्मान करती है। हाल ही में उन्होंने बताया कि जब यह फिल्म उन्हें ऑफर हुई थी, तो कई लोगों ने उनके मन में शक डाल दिया कि अगर यह फिल्म की तो आगे हीरोइन के रोल नहीं मिलेंगे।
मां की भूमिका निभाने को लेकर संदेह
मनीषा बताती हैं, 'जब फिल्म 'बॉम्बे' मुझे ऑफर हुई तो बहुत मैच्योर नहीं थी। उस समय मेंरे आसपास मौजूद कई लोगों ने सलाह दी या यूं कहूं कि चेतावनी दी कि मैं यह फिल्म ना करूं। दरअसल, इस फिल्म में मुझे दो बच्चों की मां का किरदार भी निभाना था। ऐसे में किसी ने कहा कि अभी अगर मां के किरदार में नजर आओगी, तो आगे हीरोइन के रोल नहीं मिलेंगे। फिर सिनेमैटोग्राफर अशोक मेहता जी से मुलाकात हुई, उन्होंने मुझे समझाया कि मुझे मणि सर के साथ काम करना चाहिए। मैंने उनकी बात मान ली।'
मणि रत्नम ने निखारा है अभिनय
मनीषा आगे बताती हैं, 'मैं मणि रत्नम सर से मिली, उनसे मिलकर मैं उनकी कायल हो गई। उनकी रचनात्मकता ने मुझे मंत्रमुग्ध कर दिया। जब फिल्म के लिए मेरा लुक टेस्ट हुआ, तो मुझे अहसास हो गया कि मणि सर अलग किस्म की फिल्म बना रहे हैं। एक और इंटरव्यू में मनीषा ने बताया कि मणि रत्नम के साथ काम करने की वजह से उन्हें एक अभिनेत्री के तौर पर खुद को विकसित करने का मौका मिला।
अब दे रही हैं खुद की सेहत पर ध्यान
साल 2023 में मनीषा फिल्म 'शहजादा' में नजर आईं। इस साल वह संजय लीला भंसाली की सीरीज 'हीरामंडी' में मल्लिकाजान की दमदार भूमिका में नजर आईं। इसके अलावा मनीषा अपने स्वास्थ्य पर भी अधिक ध्यान दे रही हैं, कैंसर से उबरने के बाद वह एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दे रही हैं। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर समय-समय पर अपना फिटनेस रूटीन फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं।