Manish Chaudhari: ‘कोयला प्रेशर पड़ने पर हीरा बनता है’, आर्यन खान को लेकर बोले ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ एक्टर मनीष
Manish Chaudhari Interview: सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में अभिनेता मनीष चौधरी ने एक दमदार किरदार निभाया है। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की इस सीरीज का हिस्सा बनकर वह काफी खुश हैं। अमर उजाला से हालिया बातचीत में मनीष चौधरी ने अपने करियर और सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को लेकर कई बातें साझा की हैं।
विस्तार
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की निर्देशित सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ इन दिनों काफी चर्चा में है। इस सीरीज में अभिनेता मनीष चौधरी ने एक प्रोड्यूसर फ्रेडी नाम का एक दमदार किरदार निभाया है। इस किरदार ने गहरी छाप दर्शकों छोड़ी है। सीरीज में अपने किरदार, आर्यन खान के डायरेक्शन और शाहरुख खान को लेकर अमर उजाला डिजिटल से मनीष चौधरी ने लंबी बातचीत की। पढ़िए बातचीत के कुछ खास अंश-
आर्यन खान ने कमाल कर दिया
सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ काफी चर्चा में है, लोगों तारीफ कर रहे हैं। इस बात से मनीष चौधरी काफी खुश हैं। लेकिन वह पहले से जानते थे कि ऐसा ही होगा। मनीष कहते हैं, ‘आर्यन खान ने कमाल कर दिया है। लोग तो अब देख रहे हैं कि आर्यन खान ने क्या सीरीज बनाई है? लेकिन मुझे और बाकी एक्टर्स को पिछले डेढ़ साल से पता है कि यही रिजल्ट आने वाला है। आर्यन खान ने बहुत पैशन के साथ ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की कहानी बनाई है। बहुत ही डिटेल के साथ उसने सीरीज के सभी कैरेक्टर्स तैयार किए हैं। आप सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के किसी भी कैरेक्टर को उठा लीजिए। चाहें वो कैरेक्टर एक एपिसोड के लिए आए या 7 एपिसोड में नजर आए। हर कैरेक्टर सीरीज में शुरू होता है और बढ़िया ढंग से खत्म होता है। आर्यन खान ने बतौर निर्देशक बहुत ही आउटस्टैंडिंग काम किया है।’
शाहरुख और गौरी खान को बेटे आर्यन पर गर्व है
आर्यन खान ने ‘बैड्स ऑफ बाॅलीवुड’ से डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखा। आर्यन पर दवाब तो होगा? क्योंकि वह सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे हैं। इस सवाल के जवाब में मनीष कहते हैं, ‘हां, आर्यन खान पर दवाब था। लेकिन कोयला प्रेशर पड़ने पर ही हीरा बनता है। शाहरुख खान को आज बेटे आर्यन पर बहुत नाज है। गौरी खान भी बहुत प्राउड फील कर रही हैं। आर्यन खान ने एक शानदार सीरीज बनाई है। मैं खुद इस सीरीज का हिस्सा बनकर काफी खुश हूं।’
मनीष सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का हिस्सा क्या शाहरुख खान की वजह से बने। इस सवाल के जवाब में मुस्कुराते हुए मनीष बताते हैं, ‘मुझे शाहरुख खान हमेशा से ही बहुत अच्छे लगते हैं। जिस तरह का चार्म वह फिल्मों में लाते हैं, जिस तरह की उनकी एनर्जी है, वह आपको उनकी तरफ खींचती है। यह हर एक्टर के बस की बात नहीं है। जब आर्यन की तरफ से ऑफर आया तो दिमाग में था कि वे शाहरुख खान के बेटे हैं। लेकिन मुझे लोगों से ज्यादा कहानियों से लगाव है। फिर जब मैंने ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की कहानी पढ़ी तो सोच लिया था कि यह सीरीज करूंगा। मुझे अच्छा लगा कि आर्यन खान ने फ्रेडी के रोल के लिए चुना। यह ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का सबसे मजेदार किरदार है। अपने अभिनय को लेकर एक एक्टर के तौर पर हमारे बहुत अरमान होते हैं। मेरे यह अरमान आर्यन खान ने सीरीज ‘बैड्स ऑफ बाॅलीवुड’ के जरिए पूरे कर दिए हैं।’