Farmani Naaz Har Har Shambhu Song: कौन हैं 'हर हर शंभू' गाने वाली फरमानी? झेल रहीं कट्टरपंथियों की नाराजगी
इस वक्त 'हर हर शंभू' भजन जबदस्त चर्चा में हैं। साथ ही चर्चा में हैं इसे गाने वाली फरमानी नाज। बता दें कि उनके इस गाने पर फिलहाल काफी विवाद चल रह है। वह कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं।
विस्तार
सावन का पवित्र महीना चल रहा है। इस दौरान हर ओर भोलाबाबा के भजनों की गूंज है। मगर, एक भजन जो सबसे ज्यादा सुना जा रहा है वह है- 'हर हर शंभू'। कावड़ यात्रा के दौरान तो यह भजन जबरदस्त तरीके से हिट हुआ है। बता दें कि यह भजन यूट्यूब सिंगर फरमानी नाज ने अपनी सुरीली आवाज में गाया है। एक तरफ उनके इस भजन को सुनकर लोग भक्तिभाव में लीन हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ इस पर विवाद भी गहराता जा रहा है। दरअसल, 'हर हर शंभू' भजन गाने के बाद फरमानी नाज मुस्लिम कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई हैं। इस भजन की वजह से देवबंदी उलेमा फरमानी से नाराज हो गए हैं।
ससुराल से प्रताड़ित होकर लौटी थीं मायके
सिंगर फरमानी नाज उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनजर जिले के छोटे से गांव मोहम्मदपुर माफी रहने वाली हैं। वर्ष 2017 में उनका निकाह मेरठ के छोटा हसनपुर गांव के इमरान से हुआ। शादी के बाद फरमानी नाज की किस्मत पूरी तरह बदल गई। उन्हें ससुराल से ताने मिलने लगे। एक बेटा हुआ, उसके बाद भी हालात नहीं बदले तो वह वापस पिता के घर आ गईं। वहीं, पति ने दूसरी जगह शादी कर ली।
इस तरह शुरू किया यूट्यूब चैनल
फरमानी के बेटे का नाम मोहम्मद अर्श है। अर्श को गले की बीमारी बताई गई है। उसके इलाज के लिए फरमानी नाज पैसों के इंतजाम के लिए दिन रात मेहनत करना शुरू कर दिया। उन्हें गायिकी का शौक है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक दिन फरमानी कोई गाना गा रही थीं, जिसे गांव के ही एक राहुल नाम के युवक ने रिकॉर्ड करके यूट्यूब पर डाल दिया। यह गाना काफी पसंद किया गया। इसके बाद फरमानी ने अपना खुद का यूट्यूब चैनल शुरू कर दिया, जिसे काफी अच्छा रेस्पॉन्स मिलता है।
रियलिटी शो में ले चुकी हैं हिस्सा
फरमानी नाज मशहूर रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन 12 में हिस्सा ले चुकी हैं। इस दौरान फरमानी नाज ने शो में अपनी शानदार गायकी से मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और विशाल ददलानी को अपना मुरीद बना लिया था। हालांकि, बेटे अर्श की तबीयत बिगड़ने की वजह से फरमानी को बीच में ही शो छोड़कर घर लौटना पड़ पड़ गया था। अब वह अपने इस गाने को लेकर चर्चा में हैं। फरमानी के यूट्यूब पर 3.84 मिलियन सबसक्राइर्ब्स हैं। उनके गाए सॉन्ग हर हर शंभू को 7 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।