दो साल बाद धर्मा प्रोडक्शंस के दफ्तर से निकली 'तख्त', करण जौहर ने शुरू की सही जगहों की तलाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करण जौहर के निर्देशन में बनने वाली अगली फिल्म तख्त आखिरकार धर्मा प्रोडक्शंस से बाहर निकल ही आई। पिछले दो साल से धर्मा प्रोडक्शंस के दफ्तर में इस फिल्म को लेकर बैठकों के दौर पर दौर चलते रहे हैं। लेकिन फिल्म की शूटिंग अब तक शुरू नहीं हो सकी है। चर्चा ये रही है कि अपनी इस मल्टीस्टारर फिल्म के लिए करण सारे कलाकारों की तारीखों में सामंजस्य बिठाने में अब तक विफल रहे हैं।
दूसरी तरफ खास कालखंड में बनने वाली फिल्मों की सबसे बड़ी चुनौती उसके शूटिंग स्थान होते हैं। इसी पक्ष के माध्यम से पुराने समय को फिल्म में जीवंत किया जाता है। इन दिनों फिल्मकार करण जौहर भी इसी चुनौती का सामना कर रहे हैं। करण अपनी मल्टीस्टारर फिल्म 'तख्त' को लेकर व्यस्त चल रहे हैं।
मुगल शासक औरंगजेब के समय के इर्द-गिर्द घूमती इस फिल्म को मुगल युग का टच देने के लिए करण इन दिनों लोकेशन्स तलाशने की मुहीम पर हैं। इसके लिए वह राजस्थान की विभिन्न जगहों की रेकी कर रहे हैं। फिल्मी जुबान में रेकी का मतलब किसी फिल्म की शूटिंग से पहले उन जगहों को देखना समझना होता है जहां फिल्म की शूटिंग की जा सकती है।
करण ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में वह राजस्थान में लोकेशन तलाश करते हुए नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'तख्त के लिए रेकी शुरू।' फिल्म की कहानी मुगल बादशाह शाहजहां के पहले बेटे दारा शिकोह और तीसरे बेटे औरंगजेब के बीच की लड़ाई पर आधारित नजर आएगी। दारा शिकोह का किरदार जहां रणवीर सिंह निभा रहे हैं वहीं विकी कौशल औरंगजेब के रोल में नजर आएंगे। इन दोनों के अलावा फिल्म में अनिल कपूर, करीना कपूर, जाह्नवी कपूर, आलिया भट्ट और भूमि पेडनेकर भी मुख्य किरदार में नजर आएंगे।
गौरतलब है कि पहले इस फिल्म की शूटिंग पिछले साल अगस्त या सितंबर में शुरू होने की तैयारी थी हालांकि कुछ महत्वपूर्ण प्री प्रोडक्शन से जुड़े काम की वजह से अब इस फिल्म की शूटिंग इस साल फरवरी महीने में शुरू होगी। करण के द्वारा साझा की इन तस्वीरों के जरिए एक बात तो जाहिर हो जाती है कि फिल्म की शूटिंग में कई खास जगहों का इस्तेमाल होने जा रहा है। 'कलंक' को मिली नकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद करण जौहर अपनी इस पीरियड ड्रामा फिल्म को हिट कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
पढ़ें: सात साल बाद रंगमंच में वापस लौटे फिल्मकार उमेश शुक्ला, कहा- साल में एक नाटक जरूर बनाऊंगा