Kangana Ranaut: 'बॉक्स ऑफिस के फैसले को बदल सकते हैं करण', कंगना ने वीडियो साझा कर निर्माता पर लगाया आरोप
हाल ही में, कंगना ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें करण जौहर बॉक्स ऑफिस के फैसले में हेरफेर के बारे में बात कर रहे हैं। अभिनेत्री ने वीडियो शेयर करने के साथ ही निर्देशक पर तंज भी कसा है।
विस्तार
अभिनेत्री कंगना रणौत सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं। इस प्लेटफॉर्म के जरिए एक्ट्रेस फैंस को अपनी फिल्मों की जानकारी देने के अलावा तमाम अन्य मसलों पर भी चर्चा करती दिखती हैं। इसके अलावा वह बॉलीवुड के चर्चित सितारों की पोल भी खोलने में माहिर हैं। हाल ही में, कंगना ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें करण जौहर बॉक्स ऑफिस के फैसले में हेरफेर के बारे में बात कर रहे हैं। अभिनेत्री ने वीडियो शेयर करने के साथ ही निर्देशक पर तंज भी कसा है।
करण पर तंज कसते हुए कंगना ने कही यह बात
हाल ही में, कंगना ने अपने ट्विटर हैंडल पर करण जौहर का एक वीडियो साझा किया है, जिसे देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म निर्माता चर्चा कर रहे हैं कि वह बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में हेरफेर कर सकते हैं और पीआर की मदद से फिल्म के फैसले को कैसे बदला जा सकता है। कंगना ने ट्विटर पर एक एडिटेड वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘धन्य है आप करण जौहर जी। भगवान इस फिल्म इंडस्ट्री को आपसे बचाए।’
धन्य हैं आप करण जौहर जी 🙏
— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) July 30, 2023
भगवान इस फ़िल्म इंडस्ट्री को आपसे बचाये । pic.twitter.com/pHa5dk9gYD
ट्विटर हैंडल पर शेयर किया वीडियो
गौरतलब है कि कंगना ने एक इवेंट से एक एडिटेड क्लिप को शेयर किया है। असल में करण जो कह रहे थे उसे बड़ी चालाकी से वीडियो से हटा दिया गया है। यह क्लिप मूल रूप से एक कार्यक्रम का है, जहां करण जौहर अपनी आत्मकथा पर चर्चा कर रहे थे। कंगना ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें दिख रहा है कि करण फिल्म बिजनेस में हुए हेरफेर के बारे में बात कर रहे हैं। जबकि, असल में करण बॉक्स ऑफिस नतीजों पर नहीं, बल्कि किताबों को लेकर चर्चा कर रहे थे।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर कही यह बात
इस वीडियो में करण ने साफ कहा कि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में बदलाव नहीं किया जा सकता, क्योंकि इसे लेकर भारी पुलिस व्यवस्था है। कंगना ने जो साझा किया वह ऐसा लग रहा था मानो वह फिल्म व्यवसाय में होने वाले हेरफेर के बारे में बात कर रहे हों। वर्क फ्रंट की बात करें तो करण की हालिया निर्देशित ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को आलोचकों और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।