विकास बहल की फिल्म 'क्वीन' में साथ काम करने के बाद कंगना रनौत और राजकुमार राव एक बार फिर एक साथ आ रहे हैं। खबर है कि शैलेश आर. सिंह और एकता कपूर की फिल्म में कंगना और राजकुमार साथ काम करेंगे। यह जोड़ी 'क्वीन' में हिट साबित हुई थी। एक बार फिर दोनों को साइन करने का मकसद एक कामयाब फिल्म देने का ही है।
बता दें कि यह एक सायकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म होगी। इसे टॉलीवुड के फिल्मकार के. राघवेन्द्र राव डायरेक्ट करेंगे और उनका बेटा प्रकाश इस फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू करेगा। इसकी कहानी लंदन और मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। इस बेनाम फिल्म की शूटिंग इस साल मार्च में शुरू होगी।
राजकुमार राव ने स्क्रिप्ट सुनते ही इसके लिए हां कर दी थी। बता दें कि कंगना और राजकुमार इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। कुछ दिन पहले जब राजकुमार से पूछा गया कि कंगना के साथ काम कर के उन्हें कैसा लग रहा है, तो उन्होंने कहा 'कंगना और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं। 'क्वीन' के सेट पर हम दोनों के बीच बहुत जल्द ही दोस्ती हो गई थी। कंगना को खुश करना बड़ा ही आसान काम है।'
आजकल कंगना रनौत राजस्थान में फिल्म 'मणिकर्णिका' की शूटिंग में व्यस्त हैं। जबकि राजकुमार राव 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' और स्त्री की शूटिंग में बिजी हैं। दोनों स्टार्स अपनी फिल्मों की शूटिंग पूरी करने के बाद एकता कपूर की इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे।