मनी लॉन्ड्रिंग: ईडी के सामने पेश नहीं हुईं जैकलिन फर्नांडीस, 200 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में होनी थी पूछताछ
200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले आज जैकलिन फर्नांडीस को ईडी के सामने पेश होना था। लेकिन एक्ट्रेस अपने निजी कारण की वजह से ईडी ऑफिस नहीं पहुंच पाईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय तेजी से अपनी कार्रवाई कर रहा है। इस मामले में ईडी की तरफ से उन सभी लोगों पर पैनी नजर है, जो 200 करोड़ की ठगी में किसी भी तरह से जुड़े हुए हैं। ईडी ने इस मामले में पूछताछ के लिए अभिनेत्री नोरा फतेही और जैकलिन फर्नांडीस को समन भेजा था, ताकि वह 200 करोड़ की ठगी के मामले में पूछताछ कर सके। इस मामले में नोरा गुरुवार को ईडी के सामने पेश हुईं और आज यानी 15 अक्तूबर को जैकलिन को ईडी के सामने पेश होना था। लेकिन जैकलिन ने अपना कुछ जरूरी काम बताते हुए ईडी के सामने आज पेश होने के लिए मना कर दिया है।
दरअसल, ईडी ने जैकलिन फर्नांडीज को पेश होने के लिए 15 अक्तूबर का समय दिया था। लेकिन जैकलिन आखिरी समय पर अपने कुछ जरूरी काम बताते हुए ईडी ऑफिस नहीं पहुंचीं। जैकलिन ने ईडी अधिकारियों से कहा कि वह कुछ व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण आज पेश नहीं हो पाएंगी।
बताया जा रहा है कि, सुकेश द्वारा जैकलिन को फंसाने की कोशिश हुई थी। इसी वजह से ईडी के अधिकारी जैकलिन से पूछताछ में ये पता लगाना चाहते हैं कि, उनका और सुकेश का किसी भी तरह का कोई लेन-देन हुआ है या नहीं। हालांकि, इससे पहले भी ईडी ने जैकलिन से पूछताछ की थी। उनका बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया था। जैकलिन ने कहा था कि वो सुकेश के जाल में फंस गईं थीं। खबर यह सामने आई थी कि सुकेश द्वारा अपनी पहचान बदलकर जैकलिन को फोन मिलाया जाता था।
नोरा से 8 घंटे तक चली थी पूछताछ
गुरुवार को नोरा फतेही ईडी के ऑफिस पहुंची थीं। इस दौरान ईडी अधिकारियों ने नोरा फतेही से 200 करोड़ की ठगी मामले में लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की थी। नोरा फतेही सुबह 11.30 बजे ईडी के दिल्ली कार्यालय के सामने पेश हुईं और उनसे रात 8.30 बजे तक पूछताछ की गई। नोरा फतेही के प्रवक्त की तरफ से एक बयान भी जारी किया गया है, जिसमें कहा गया कि, हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि वह किसी भी मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधि का हिस्सा नहीं रही हैं। उनका आरोपी के साथ कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है और ईडी ने उन्हें जांच में सख्ती से मदद करने के लिए बुलाया है।
We would like to make it clear that she hasn't been part of any money laundering activity, she doesn't know or have any personal connection with the accused & has been called by ED to strictly help with the probe: Nora Faethi's spokesperson
She had appeared before ED, yesterday.— ANI (@ANI) October 15, 2021
जानें क्या है पूरा मामला
ये मामला 200 करोड़ की रंगदारी का है, जिसका मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर है। सुकेश चंद्रशेखर ने एक बिजनेसमैन की पत्नी से इतनी बड़ी रकम वसूली थी। जिस वजह से वह जेल में बंद है। जानकारी सामने आई है कि, इस केस में सुकेश की पत्नी लीना पॉल भी मिली हुई है। इसी वजह से लीना पॉल से भी घंटों तक पूछताछ हुई थी। पुलिस की तरफ से बताया गया था कि पॉल ने कथित तौर पर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिह की पत्नी अदिति के साथ धोखाधड़ी करने में सुकेश की मदद की थी। इस मामले में अब तक सुकेश और उनकी पत्नी के अलावा चार लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।