Singer KK Death: क्या आयोजकों की लापरवाही बनी केके की मौत की वजह, चश्मदीदों ने किया दावा
सिंगर केके की मौत पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब ऐसे में एक चश्मदीद ने कॉनसर्ट का वीडियो शेयर कर दावा किया है कि केके की आयोजकों की बदइंतजामी मौत की वजह बनी है।
विस्तार
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर केके (कृष्णकुमार कुन्नथ) का मंगलवार की रात एक लाइव कॉन्सर्ट के बाद निधन हो गया। इस दौरान वह कोलकाता के नजरूल में एक लाइव कॉन्सर्ट में प्रस्तुति दे रहे थे और अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह कार्यक्रम से लौट आए, जिसके बाद अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। केके की मौत पर अननेचुरल डेथ का केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट्स में केके के सिर में चोट लगने का दावा भी किया जा रहा है, वहीं कॉन्सर्ट में मौजूद एक यूजर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया है कि संगीत कार्यक्रम आयोजको की लापरवाही केके की मौत की वजह बनी है।
ऑडिटोरियम में एसी काम नहीं कर रहे थे
केके की मौत को संगीत कार्यक्रम के आयोजको की लापरवाही बताते हुए सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लंबी चौड़ी पोस्ट करते हुए लिखा, नजरूल मंच (कॉन्सर्ट की जगह) में एसी काम नहीं कर रहा था। एक दिन पहले भी केके ने इसी जगह पर परफॉर्म किया था और उन्होंने एसी को लेकर पहले भी शिकायत की थी, क्योंकि उस दिन भी उन्हें बहुत ज्यादा पसीना आ रहा था।
पसीने से तरबतर थे केके
यूजर ने आगे लिखा, सबसे पहले.. यह एक खुला सभागार (ऑडिटोरियम) नहीं था और जब आयोजन स्थल इतना पैसा वसूल रहा हो तो कम से कम उन्हें अपने उपकरणों (एसी) पर नजर रखनी चाहिए। अगर आप वीडियो को करीब से देखेंगे तो आप देख सकते हैं कि उन्हें (केके) किस तरह से पसीना आ रहा था।
केके ने आयोजकों से एसी चलाने को भी कहा था
वह (केके) प्रबंधन से एसी चालू करने और कुछ लाइट बंद करने का अनुरोध कर रहे थे। वह कह रहे थे गर्मी से जान निकल रही है।। लोगों गेट तोड़कर बिना पास के सभागार में घुस आए थे। प्रबंधन क्या कर रहा था? सुरक्षा कहां थी?
पोस्ट में आगे लिखा गया है-जरा कल्पना कीजिए कि कोलकाता की गर्मी, और फिर इतनी बड़ी भीड़ वाला एक बंद सभागार (ऑडिटोरियम) जिसमें कोई एसी काम नहीं कर रहा है और आप अपनी आवाज में दीवानों की तरह पूरा दम लगाकर गा रहे हैं। दिल का दौरा सामान्य नहीं था, मैं स्तब्ध हूं।