मुझे डर लगा रहता है : अनुराग कश्यप
अपने फिल्मों और बेबाक बयानों के कारण अक्सर सुर्खियाँ बटोरने वाले फिल्मकार अनुराग कश्यप इन दिनों डरे और घबराए हुए रहते है। वे सोशल मीडिया पर अपनी ट्रोलिंग से परेशान हैं। 2015 में आई फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' के बाद से अनुराग कश्यप की सोशल मीडिया पर खिंचाई होती आ रही है।
बीबीसी से खासतौर पर अनुराग ने सोशल मीडिया की ट्रोलिंग के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "अच्छा हुआ 'अकीरा' फिल्म की ओपनिंग लग गई वरना मुझे हमेशा लगता है कि कुछ गडबड होगा तो मेरे ही नाम आएगा। डर लगा रहता है।"
उनका डर इस कदर बढ गया है कि रास्ते पर ट्रैफिक जाम हो जाए या कहीं पानी जमा हो जाए तो उन्हें लगता है कि कहीं लोग इसका जिम्मेदार उन्हें ही ना ठहरा दें। ट्रोलिंग के कारणों से अनजान अनुराग मानते हैं कि उन्हें अगर खुश रहना है तो लकीर का फकीर बनकर रहना पडेगा।
सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'अकीरा' में विलेन का किरदार निभाने वाले अनुराग कश्यप को अपने अभिनय के लिए वाह-वाही मिल रही है। इससे वो चकित हैं। वो कहते हैं, "आज तक मैं सिर्फ परोपकारी अभिनेता था जो मुसीबत में फंसे फिल्मकार के लिए मुफ्त में अभिनय करता था।
अभिनय के लिए पैसे भी मिले और तारीफ भी।"
पर पहली बार अभिनय के लिए पैसे भी मिले और तारीफ भी।" पर अनुराग अभिनय को करियर नहीं बनाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वो अभिनय तभी करना चाहेंगे जब अच्छे पैसे मिले या मन का काम हो।
अनुराग की पिछली फिल्म "रमन राघव" ने अपेक्षित कमाई नहीं की। उन्होंने इसकी वजह बताई, "हमारी फिल्म दो बडी फिल्म 'उडता पंजाब' और 'सुल्तान' के बीच में दब गई। हालांकि हमें कोई नुकसान नहीं हुआ पर ये मनमुताबिक कमाई नहीं कर पाई।"
आजकल वो कई स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। अनुराग कश्यप का विश्वास बडे बजट की फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' की असफलता से डगमगाया नहीं है। वो कहते हैं कि भविष्य में बडे बजट की फिल्म जरूर बनाएंगे पर फिलहाल अकीरा में अपने अभिनय की प्रशंसा से वे खुश हैं।
निर्देशक एआर मुरगोडास की 'अकीरा' में सोनाक्षी सिन्हा और अनुराग कश्यप के आलावा कोंकणा सेन शर्मा भी अहम भूमिका में हैं।