‘किए पर पछतावा है…’, ‘होमबाउंड’ के सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह ने यौन शोषण के आरोपों पर मांगी माफी; कही ये बात
Pratik Shah Case: फिल्म ‘होमबाउंड’ के सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह ने पिछले साल लगे यौन शोषण और इमोशनल एब्यूज के आरोपों पर अब माफी मांगी है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
विस्तार
‘होमबाउंड’ के सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह पर पिछले साल यौन शोषण और इमोशनल एब्यूज के आरोप लगे थे। इन आरोपों के बाद उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से हटाए जाने की खबरें भी सामने आई थीं।
प्रतीक पर लगे थे ये आरोप
बता दें कि प्रतीक शाह पर आरोप सबसे पहले फिल्ममेकर अभिनव सिंह ने लगाए थे, जिसमें 20 से ज्यादा महिलाओं के बयान शामिल थे। इन आरोपों में अनुचित व्यवहार, इमोशनल एब्यूज, अश्लील मैसेज भेजना और निजी तस्वीरें मांगना जैसी बातें शामिल थीं।
इन आरोपों के बाद उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से हटा दिया गया, जिसमें राजकुमार राव की फिल्म ‘दादा’ भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने यशराज फिल्म्स की वेब सीरीज ‘अक्का’ की शूटिंग की थी, लेकिन बाद में उनका नाम फाइनल क्रेडिट्स से हटाने की खबरें आईं।
आरोपों पर प्रतीक ने मांगी माफी
प्रतीक शाह ने ‘जुबली’ और ‘CTRL’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें अपने किए पर गहरा पछतावा है और उन्होंने अपने व्यवहार से कई लोगों को दुख पहुंचाया।
उन्होंने कहा, ‘मैं पिछले साल मेरे खिलाफ लगाए गए आरोपों पर बात करना चाहता हूं। मुझे अपनी गलतियों और लोगों को पहुंचाए गए दर्द का गहरा अफसोस है, चाहे वो मेरे प्रोफेशनल रिश्ते हों या निजी जिंदगी।’
मामले पर क्या बोले प्रतीक?
प्रतीक ने माना कि करियर में मिल रही सफलता और ध्यान ने उनके फैसलों को प्रभावित किया। उन्होंने कहा, ‘अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो समझ आता है कि मैंने अपनी बढ़ती पहचान और करियर को अपने ऊपर हावी होने दिया। मेरे फैसले स्वार्थी और गलत थे। मैं अपनी असुरक्षाओं और गलत सोच के कारण ऐसा कर बैठा।’
उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें समझ आ गया है कि अपने किए पर बहस करने से सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने माना कि उनके रिश्तों में आई दरार और उनकी छवि को जो नुकसान हुआ, वो उनकी अपनी गलतियों का ही नतीजा है।
बेहतर इंसान बनने की कोशिश करूंगा
प्रतीक ने बताया कि वह पिछले एक साल से थेरेपी ले रहे हैं और अपनी आदतों और व्यवहार को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह एक साल से ज्यादा समय से शराब से दूर हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि ये सब उनके पुराने किए को मिटा नहीं सकता।
ये भी पढ़ें- Cocktail 2 Box Office: 100 करोड़ पर ‘कॉकटेल 2’ की नजरें, कमाई में लगातार गिरावट! जानें गुरुवार का कलेक्शन
उन्होंने आखिर में कहा, ‘मुझे अपने किए पर शर्म और दुख है, और मैं अपनी गलतियों से सीखते हुए आगे बेहतर इंसान बनने की कोशिश करूंगा।’
प्रतीक शाह की आखिरी रिलीज फिल्म ‘होमबाउंड’ थी, जिसमें ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।