चीन की कारस्तानियों पर अब बनेगी एनीमेशन फिल्म, कोरोना को हराकर मुंबई लौटे 79 साल के निर्माता
कोरोना को लेकर चीन की कारस्तानियों के खिलाफ बनने वाली अपनी फिल्म हिम मानव वर्सेज ड्रैगन की तैयारियों के लिए मुंबई से गोवा गए 79 साल के फिल्म निर्माता कमल आनंद खुद कोरोना की चपेट में आ गए। हालांकि आनंद ने गोवा की चिकित्सकीय टीम की मदद से सिर्फ पांच दिन में कोरोना को हराया और अब वह सकुशल वापस मुंबई लौट आए हैं।
जानकारी के मुताबिक फ़िल्म निर्माता कमल आनंद अपनी फिल्म हिम मानव वर्सेज ड्रैगन का लोकेशन देखने 10 जुलाई को इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई से गोवा गए थे। उन्हें 14 जुलाई को आरोग्य सेतु एप ने कोविड के खतरे का पहला संकेत दिया और बताया कि आपमें संक्रमण का जोखिम उच्च है।
15 जुलाई को गोवा में ही उन्हें रात को आरोग्य सेतु एप ने दूसरी बार ख़तरे का संकेत देते हुए पास के स्वास्थ्य केंद्र या सरकारी अस्पताल में जाने की सलाह दी। चार दिन बाद 19 जुलाई की रात उन्हें सांस लेने में ज्यादा परेशानी हुई तो वह अस्पताल में भर्ती हुए।
गोवा से ठीक होकर वापस लौटे आनंद कहते हैं कि उन्हें बिलकुल अंदाजा नहीं था कि वह गोवा में कोविड की चपेट में आ जाएंगे। गोवा में कमल आनंद ने ध्वनि निर्देशक कुनाल शर्मा से अपनी फिल्म के बारे में लंबी चर्चा की और उन्हें फिल्म का विशेष सलाहकार नियुक्त किया गया है।