80 साल-80 किस्से: अभिषेक बच्चन के साथ खास बॉन्डिंग साझा करते हैं बिग बी, जानिए पिता-पुत्र के ये दिलचस्प किस्से
अभिषेक बच्चन के साथ बिग बी बेहद मजबूत बॉन्डिंग साझा करते हैं। अमिताभ बच्चन और जूनियर बच्चन दोनों ही एक दूसरे के प्रति अक्सर अपनी भावनाएं व्यक्त करते रहते हैं। जानिए पिता-पुत्र के कुछ खास किस्से
विस्तार
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। साल 1968 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली बिग बी को हिंदी सिनेमा में 50 साल से भी ज्यादा का समय हो चुका है और इस दौरान उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। अपने काम के चलते बिग बी काफी व्यस्त रहते हैं लेकिन उन्होंने हमेशा अपने परिवार को समय दिया है। वहीं अभिषेक बच्चन के साथ बिग बी बेहद खास बॉन्डिंग साझा करते हैं, जिसकी झलक कई बार सार्वजनिक मंचों पर भी देखने को मिल जाती है। अमिताभ बच्चन और जूनियर बच्चन दोनों ही एक दूसरे के प्रति अक्सर अपनी भावनाएं व्यक्त करते रहते हैं। 'बॉलीवुड का शहंशाह, 80 साल-80 किस्से' सीरीज के तहत जानते हैं उनके कुछ अनछुए पहलू...
जब पकड़ा गया अभिषेक बच्चन का रिपोर्ट कार्ड
एक बार अभिषेक बच्चन ने किस्सा साझा करते हुए बताया था कि कैसे उन्होंने एक बार पिता अमिताभ बच्चन से अपना रिपोर्ट कार्ड छिपाने की कोशिश की थी और पकड़े गए थे। अभिषेक ने बताया था कि "मैं डाकिया का इंतजार करता था और सोचता था कि रिपोर्ट कार्ड मिलने पर छुपाकर रखूंगा, जब तक कि वापस स्विट्जरलैंड (उस वक्त अभिषेक बच्चन स्विट्जरलैंड में पढ़ाई कर रहे थे) न चला जाऊं, लेकिन पापा के हाथ में मेरा रिपोर्ट कार्ड लग गया और वह इसे अपने स्टडी रूम में बैठकर जोर-जोर से पढ़ रहे थे, मेरे मन में ख्याल आ रहे थे कि उन्हें मेरा रिपोर्ट कार्ड कैसे मिला, क्या उन्होंने डाकिया को रिश्वत दी होगी या फिर मुझसे पहले जाग गए थे?"
जब बिग बी ने बेटे को दी जिम्मेदार बनने की सीख
अभिषेक बच्चन ने जिक्र करते हुए यह भी बताया था कि कैसे जब उनके खराब ग्रेड आते थे तो अमिताभ बच्चन उन्हें समझाया करते थे। जूनियर बच्चन ने बताया था कि उनके पिता ने उन्हें बैठकर समझाया था कि देखो बेटा, हम इतना संघर्ष करके पैसे कमाते हैं, मेहनत करके पढ़ा-लिखा रहे हैं। इसका मतलब ये नहीं है कि तुम उधर मस्ती करो। तुम्हें जिम्मेदार बनना होगा।
पढ़ाई छोड़कर वापस आ गए थे अभिषेक बच्चन
आज अमिताभ बच्चन की गिनती फिल्म इंडस्ट्री के सबसे अमीर सेलेब्स में होती है लेकिन उन्होंने भी अपने जीवन में प्रतिकूल स्थितियों का सामना किया है। एक बार साक्षात्कार के दौरान अभिषेक बच्चन ने जिक्र किया था कि कैसे पैसे न होने पर उनके पिता को खाने तक के लिए स्टाफ से पैसे उधार लेने पड़े थे। उस समय अभिषेक बच्चन बॉस्टन में अभिनय के गुर सीख रहे थे और जैसे ही उन्हें इस बारे में पता चला था तो वह अपने पिता का साथ देने पढ़ाई छोड़कर वापस आ गए थे।
बिग बी की आवाज से उनके घर में हर काम होता है राइट टाइम
अभिषेक बच्चन बताते हैं कि उनके पिता अमिताभ बच्चन ने कभी भी भी उनके ऊपर हाथ नहीं उठाया, यहां तक कि कभी ऊंची आवाज में बात तक नहीं की है। इस बारे में अभिनेता कहते हैं कि घर में उनकी तेज आवाज ही काफी है और सब कुछ राइट टाइम पर हो जाता है।