सनी लियोनी के बाद 'एक और हीरोइन' लेकर आईं पूजा
बिग बॉस-8 के दौरान प्रेग्नेंट होने की अफवाहों के बाद मॉडल डिआंड्रा सोरेस को जो चर्चा मिली, उससे उनका फिल्मी कैरियर चमक गया है। खबर है कि निर्माता पूजा भट्ट ने डिआंड्रा को दो फिल्मों के लिए साइन किया है।
जिसमें से एक की शूटिंग शुरू भी हो चुकी है। खुद पूजा ने मीडिया में इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि फिलहाल हम फिल्म लव अफेयर पर फोकस कर रहे हैं और इसमें डिआंड्रा रहेंगी। डिआंड्रा की पूजा के साथ दूसरी फिल्म कौन सी होगी, यह अभी तय नहीं है।
लव अफेयर एक पीरियड फिल्म है, जो 1950 के दशक के मुंबई की कहानी को सामने लाएगी। पूजा के अनुसार डिआंड्रा इस फिल्म में एक खास रोल निभा रही हैं। जो उनके निजी जीवन के किरदार के अनुकूल है। फिल्म में आप डिआंड्रा को अर्जुन रामपाल के साथ रोमांस करते देख सकेंगे।
चर्चाओं से खुश हैं डिआंड्रा
उल्लेखनीय है कि अर्जुन भी डिआंड्रा की तरह मॉडलिंग की दुनिया से ही फिल्मों में आए हैं। बताया जा रहा है कि डिआंड्रा 1950 के दशक में मुंबई की एक सोशलाइट के रूप में दिखेंगी। वह अर्जुन की पत्नी बनी हैं। पूजा की फिल्म में मिले मौके से डिआंड्रा खुश हैं और उनका कहना है कि बिग बॉस के घर से उन्हें सही समय पर निकाला गया है। पिछले हफ्ते ही वह इस शो से बाहर हुई हैं।
इस मॉडल के अनुसार पहले भी उन्हें ऐक्टिंग के ऑफर आए, मगर सही रोल न मिलने के कारण वह इंकार करती रहीं। डिआंड्रा का कहना है कि वह स्टार बनना नहीं चाहतीं, बल्कि एक अच्छी अभिनेत्री के रूप में पहचान बनाना चाहती हैं। बिग बॉस में प्रेगनेंट होने की अफवाह उसके बाद घर से आने की खबर के बाद डिआंड्रा चर्चाओं में आईं थीं।
सनी लियोनी को लाईं थीं पूजा
डिआंड्रा के पहले पूजा भट्ट पहले ही एक चर्चित सेलिब्रेटी को बिग बॉस के घर से बॉलीवुड में ला चुकी हैं। बात हो रही सनी लियोनी की। पोर्न स्टार सनी जब बिग बॉस में चर्चाओं में आईं थीं तब पूजा भट्ट ही उनको लेकर फिल्मों में आईं।
जिस्म 2 सनी की पहली फिल्म थी। इमेज के अनुरूप ही सनी लियोनी ने इस फिल्म में अभिनय किया। फिल्म औसत रूप से सफल रही और इस सफलता के बाद सनी लियोनी को बाकी फिल्मकारों ने भी हाथों-हाथ लिया। सनी को सबसे बड़ा फायदा एकता कपूर की फिल्म रागिनी एमएमएस 2 से हुआ।