Chakda Xpress: अनुष्का शर्मा की तीन साल बाद फिल्मों में वापसी, झूलन गोस्वामी की बायोपिक का एलान
Jhulan Goswami Biopic: फिल्म ‘जीरो’ की रिलीज के कोई तीन साल बाद अनुष्का ने अपनी अगली फिल्म का एलान किया है। ये फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम की मशहूर खिलाड़ी झूलन गोस्वामी पर बनने जा रही है और इसका नाम है ‘चकदा एक्सप्रेस’।
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम की पहली वर्ल्ड कप जीत पर बनी फिल्म ‘83’ को भले सिनेमाघरों में दर्शकों का प्यार, दुलार और सत्कार अपेक्षित मात्रा में न मिला हो लेकिन इससे क्रिकेटर विराट कोहली की पत्नी बनने के बाद क्रिकेट के भी काफी करीब आ चुकीं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का हौसला कमजोर नहीं हुआ है। अपनी पिछली फिल्म ‘जीरो’ की रिलीज के कोई तीन साल बाद अनुष्का ने अपनी अगली फिल्म का एलान किया है। ये फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम की मशहूर खिलाड़ी झूलन गोस्वामी पर बनने जा रही है और इसका नाम है ‘चकदा एक्सप्रेस’। फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है, उससे पहले अनुष्का ने इसका एक टीजर भी जारी किया है।
शाहरुख खान की फिल्म ‘चकदे इंडिया’ अगर भारतीय हॉकी टीम की महिला खिलाड़ियों की जोशीली जीत पर बनी थी तो अनुष्का शर्मा की फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ भारतीय क्रिकेट टीम की महिला खिलाड़ियों के जोश, हिम्मत और हौसले पर बनने जा रही है। साल 2008 में झूलन ने क्रिकेट के मैदान पर जो किया, उसने क्रिकेट के नक्शे पर देश की महिला टीम का नाम सोने के अक्षरों से लिख दिया। ‘चकदा एक्सप्रेस’ का जो टीजर गुरुवार को जारी हुआ, उसमें अनुष्का ने असमिया लहजे में कुछ संवाद भी बोले हैं और जो उनके किरदार के साथ साथ उनकी अदाकारी पर भी बिल्कुल फिट बैठे हैं।
फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ झूलन गोस्वामी की बायोपिक होगी। अनुष्का इसमें झूलन का ही किरदार करती दिखेंगी। बीच में ये अफवाह उड़ी थी कि अनुष्का और उनके भाई करणेश की फिल्म कंपनी क्लीन स्लेट्ज फिल्म्स की इस फिल्म से अनुष्का ने अपना नाम वापस ले लिया है और उनकी जगह फिल्म ‘बुलबुल’ से सुर्खियों में आईं तृप्ति डिमरी को ये रोल दे दिया गया है। तब ‘अमर उजाला’ ने ही तफ्तीश कर ये बताया था कि ये खबर सही नहीं है।
गुरुवार को फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ की जो जानकारी सार्वजनिक की गई, उसमें सबसे अहम ये है कि ये फिल्म अब सिनेमाघरों के लिए नहीं बल्कि सीधे ओटीटी की रिलीज के लिए बनेगी। ओटीटी नेटफ्लिक्स ने इसके लिए क्लीनस्लेट्ज फिल्म्स से हाथ मिला लिया है। फिल्म के निर्देशक प्रोसित रॉय होंगे जिनके साथ अनुष्का पहले भी फिल्म ‘परी’ बना चुकी हैं।
अपनी इस नई फिल्म के बारे में अनुष्का शर्मा कहती हैं, ‘ये एक बहुत ही खास फिल्म है और वह इसलिए क्योंकि ये बहुत सारे बलिदानों की कहानी है। फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’ भारतीय क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी के समय और जीवन से प्रेरित है और और ये कहानी महिला क्रिकेट की दुनिया को लेकर दुनिया की आंखें खोल देगी। जब झूलन ने क्रिकेट खेलने और इसके जरिये अपने देश का नाम रोशन करने का फैसला किया था, उस समय महिलाओं का क्रिकेट खेलने के बारे में सोचना तक मुश्किल था। महिला क्रिकेट की शक्ल और झूलन का जीवन बदल देने वाले तमाम किस्सों का ये एक नाटकीय रूपातंरण है।’