Alia-Ranbir: प्रेग्नेंट आलिया भट्ट के मोटापे का पति रणबीर कपूर ने उड़ाया मजाक, ट्रोल्स ने लगा दी क्लास
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर अपनी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का प्रमोशन कर रहे हैं। इसी बीच रणबीर ने प्रेग्नेंट आलिया के बढ़ते वजन का मजाक उड़ाया है, जिसके बाद अभिनेता को ट्रोल किया जा रहा है।
विस्तार
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर बॉलीवुड इंडस्ट्री के पावर कपल हैं, जो फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए दिखाई देंगे। अयान मुखर्जी के निर्देशन बनी इस फिल्म का फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। हाल ही में, रणबीर और आलिया निर्देशक अयान मुखर्जी के साथ अपनी फिल्म का प्रमोशन करते दिखे। इस दौरान अभिनेता ने अपनी प्रेग्नेंट पत्नी आलिया के बढ़ते वजन का मजाक उड़ाया, जिस वजह से रणबीर कपूर को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
दरअसल, वीडियो में रणबीर कपूर बताते दिखे कि वह अपनी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का हर जगह प्रमोशन क्यों नहीं कर रहे हैं? वह कहते हैं कि फिल्म चार साल पहले अनाउंस हुई थी, जिस वजह से लोगों को फिल्म के बारे में अच्छे से पता है। इसी बीच आलिया कहती हैं, 'हम लोग प्रमोशन करेंगे। हम हर जगह जाएंगे। सवाल ये है कि हम हर जगह फैले क्यों नहीं हैं?' आलिया की इसी बात पर रणबीर कुछ ऐसा कह देते हैं जिस पर अभिनेत्री भी हैरान रह जाती हैं।
आलिया की इस बात पर रणबीर ने अभिनेत्री के बेबी बंप को देखते हुए कहा, 'वैसे कोई है जो फैल गया है।' रणबीर कपूर की यह बात सुनकर आलिया भी हैरान रह जाती हैं। हालांकि, कुछ ही सेकंड में अभिनेता अपनी पत्नी को मना लेते हैं और कहते हैं कि वह मजाक में ये सब कह रहे हैं।
रणबीर कपूर का यह मजाक सोशल मीडिया पर यूजर्स को पसंद नहीं आया है और इसी वजह से लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'देखो मुझे हमेशा रणबीर और आलिया की हरकतों में मीनमेख निकालना पसंद नहीं है, लेकिन उन्हें यह फैलने वाला कमेंट हवा में बोलने की क्या जरूरत थी। वह प्रेग्नेंट हैं।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'इस जोक को ना बोलते तो भी चलता।' बता दें कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' 9 सितंबर को रिलीज हो रही है। फिल्म से मेकर्स के साथ-साथ फैंस को काफी उम्मीदें हैं। ऐसे में हर किसी की नजर इस फिल्म पर है।