तारीफ: 'पठान' के क्रू मेंबर के लिए किंग खान ने लिखा पत्र, बोले- 'अद्भुत अनुभव' के लिए धन्यवाद'
सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित फिल्म 'पठान' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
विस्तार
सुपरस्टार शाहरुख खान ने लंबे समय से बड़े पर्दे से दूरी बनाई हुई है, उनके प्रशंसक उन्हें वापसी करते देखने के लिए काफी बेकरार हैं। फैंस की बेकरारी को खत्म करते हुए किंग खान जल्द ही बड़े पर्दे पर कमबैक करने वाले हैं। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पठान' अगले साल जनवरी में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इस फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। तीनों कलाकार इस फिल्म की वजह से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में एक बार फिर शाहरुख फिल्म के एक क्रू मेंबर को लिखे एक नोट को लेकर सुर्खियों में हैं।
शाहरुख का प्यार
शाहरुख ने लिखा, 'पठान बनाने के लिए शुक्रिया अभिषेक। इस फिल्म में काम करना हम सभी के लिए, खासकर मेरे लिए बहुत ही अच्छा रहा। तुम एक हीरा हो। तुमने जिस मेहनत, दक्षता और मुस्कान के साथ इस तरह के कठिन काम को अंजाम दिया है, वह काबिले तारीफ है। उम्मीद करता हूं आप सिनेमा जगत में एक अच्छा जीवन बिताएंगे। मुझे एप बहुत याद आएंगे।" इस नोट के साथ ही किंग खान ने इसपर अपने साइन भी किए। शाहरुख के इस प्यारे से व्यवहार के लिए उनके फैंस उनकी काफी तारीफ कर रहे हैं।
पूरी हुई पठान की शूटिंग
अभी कुछ दिनों पहले ही शाहरुख ने 'पठान' से अपना पहला लुक साझा किया था। उनके इस लुक ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। उनके लुक को देख उनके फैंस उनकी टोंड बॉडी की तारीफ करते नहीं थक रहे थे। अभिनेता हाल ही में दीपिका के साथ स्पेन में शूटिंग करके वापस मुंबई लौटे हैं।
इन फिल्मों में करेंगे काम
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख के पास इस समय 'पठान' के अलावा एटली की फिल्म लायन है, जिसकी शूटिंग वह जल्द ही शुरू करने जा रहे हैं। इनके साथ ही वह राजकुमार हिरानी के अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट में भी नजर आ सकते हैं।
