FWICE: पकड़ा गया फिल्म निर्माता वाशु भगनानी का झूठ? फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने खोली पोल
वाशु भगनानी की प्रोडक्शन कंपनी पर बीते दिनों 250 करोड़ रुपये के कर्ज की खबर सामने आई। हालांकि, निर्माता ने इसे महज कोरी अफवाह बताया। वहीं अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने बड़ा दावा कर सबको हैरान कर दिया है।
विस्तार
वाशु भगनानी और उनकी प्रोडक्शन कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट बीते कुछ समय से सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में खबर आई कि निर्माता वाशु भगनानी ने 250 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के लिए प्रोडक्शन हाउस का सात मंजिला ऑफिस बेच दिया। हालांकि, वाशु ने इन खबरों का खंडन किया और बताया कि बिल्डिंग का रिनोवेशन किया जा रहा है और वह कई सालों से एक ही टीम के साथ काम कर रहे हैं और उन्हें कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। वहीं, अब इस पर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के अध्यक्ष का बड़ा बयान सामने आया है। बीएन तिवारी के अनुसार कंपनी पर क्रू सदस्यों का 65 लाख रुपये से अधिक बकाया है। .
एफडब्ल्यूआईसीई का बड़ा दावा
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि अनुभवी फिल्म निर्माता वाशु भगनानी पर उनकी तीन फिल्मों 'मिशन रानीगंज', 'गणपत' और 'बड़े मियां छोटे मियां' में काम करने वाले क्रू सदस्यों का 65 लाख रुपये से अधिक बकाया है। तिवारी ने कहा, भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट पर निर्देशक टीनू देसाई का 33.13 लाख रुपये बकाया है, जिन्होंने उनकी 2023 की फिल्म 'मिशन रानीगंज' बनाई थी। इस फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में थे।
टीनू देसाई ने दर्ज कराई थी शिकायत!
पिछले साल मार्च में 'मिशन रानीगंज' के निर्देशक ने वाशु भगनानी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की थी। इसमें उन्होंने भगनानी पर बकाया 33.13 लाख रुपये का भुगतान न करने का आरोप लगाया था। निर्देशक ने कहा था, 'पूजा एंटरटेनमेंट से संपर्क कर रहे हैं लेकिन फिर भी उन्होंने भुगतान नहीं किया है। उन्होंने कहा है कि जुलाई के अंत तक वे बकाया चुका देंगे।' वहीं, एक न्यूज एजेंसी की ओर से इस पर सवाल पूछे जाने पर देसाई ने किसी भी टिप्पणी से इनकार कर दिया।
Manisha Koirala: 'अमीर और प्रसिद्ध बनना है तो न करें अभिनय का रुख,' मनीषा कोइराला ने साझा किया सफलता का मंत्र
भुगतान करने में लगातार हो रही देरी
इस पर एफडब्ल्यूआईसीई के अध्यक्ष ने कहा, 'फरवरी में उन्होंने आईएफटीडीए को 20 फरवरी, 2024 को एक ईमेल के माध्यम से जैकी भगनानी की शादी का हवाला देते हुए भुगतान करने के लिए समय मांगा और बाद में उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मार्च 2024 में एफडब्ल्यूआईसीई द्वारा उन्हें पत्र लिखे जाने के बाद, उन्होंने फिर से भुगतान करने के लिए समय मांगा और कहा कि वे अपनी फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' की रिलीज के बाद भुगतान करेंगे, फिर भी ऐसा नहीं हुआ।'
Rautu Ka Raaz Review: नवाजुद्दीन अब बस नवाजुद्दीन हैं, ऊपर से पूर्व सीईओ शारिक पटेल राइटर हों तो फिर तो...
फीस की आस में श्रमिक!
एफडब्ल्यूआईसीई के महासचिव अशोक दुबे ने कहा कि 'मिशन रानीगंज', 'गणपति' और 'बड़े मियां छोटे मियां' को रिलीज हुए काफी समय हो गया है लेकिन श्रमिकों का भुगतान अभी भी रुका हुआ है। दुबे ने कहा, 'कर्मचारी असहाय हैं। कलाकार को पहले पैसा मिलता है, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं को नहीं। इंडस्ट्री में श्रमिकों की हालत देखकर दिल दहल जाता है। उन्हें यहां नौकरी की गारंटी नहीं है। यहां तक कि जब उन्हें किसी प्रोजेक्ट पर काम करने को मिलता है, तब भी उन्हें समय पर पैसा नहीं मिलता है। उन्हें अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए महीनों तक इंतजार करना पड़ता है।' पिछले हफ्ते, कई क्रू सदस्यों ने पूजा एंटरटेनमेंट पर बकाया भुगतान न करने और अपने अधिकांश कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का आरोप लगाया था।