हम बुजुर्गों से कभी ऐसे बात करते हैं? पीएम मोदी के लिए प्रयोग हुई अभद्र भाषा पर भूमि पेडनेकर ने जताई नाराजगी
Bhumi Pednekar Condemned Young People Abusive language: बीते दिनों कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस बात पर अब जाकर भूमि पेडनेकर ने कड़ा विरोध जताया है।
विस्तार
भूमि पेडनेकर ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शनिवार देर रात एक वीडियो साझा किया था। इसमें वह युवाओं को एक जरूरी संदेश दे रही हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर भी उन्होंने अपनी राय जाहिर की है। यहां जानिए, भूमि पेडनेकर ने क्या कहा?
गाली-गलौज वाली भाषा पर अभिनेत्री ने जताई कड़ी आपत्ति
भूमि पेडनेकर इंस्टाग्राम पेज पर साझा किए गए वीडियो में कहती हैं, ‘अभी जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें बहुत खराब भाषा का इस्तेमाल हो रहा है। हमारे देश के युवा या हम ऐसे बात नहीं करते हैं। हम उस व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं जो आज देश के सबसे ऊंचे पद पर है। बात सिर्फ पद की नहीं है, क्या हम अपने घर के बुजुर्गों से कभी ऐसे बात करते हैं? क्या हम सच में गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल कर सकते हैं?’
भूमि ने युवाओं को दिया एक जरूरी संदेश
भूमि पेडनेकर आगे कहती हैं, ‘दोस्तों यह हमारी संस्कृति नहीं है। यह गलत है और इस बात ने मुझे सच में परेशान किया। इसीलिए मैं सामने आकर इस बारे में बात करना चाहती थी। कोई देश तभी तरक्की करेगा और आगे बढ़ेगा जब हम सब मिलकर अपनी कमियों और अच्छाइयों, दोनों पर चर्चा करेंगे। हमारी संस्कृति और हमारे संस्कार ही हमारी रीढ़ की हड्डी हैं। हमें उनसे भटकना नहीं चाहिए वरना हम सही बातें सही तरीके से नहीं कह पाएंगे और न ही उन पर कभी अमल हो पाएगा या कोई बदलाव आ पाएगा। हमें एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है।’
भूमि ने वीडियो में कई बदलावों पर भी बात की, जो देश और शिक्षा जगत में लाने की जरूरत है।
A post shared by Bhumi Satish Pednekkar (@bhumisatishpednekkar)
भूमि पेडनेकर के करियर फ्रंट की बात करें तो वह फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ का हिस्सा बनी हैं। इस फिल्म में ऋषभ, शिवाजी महाराज के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में भूमि पेडनेकर वॉरियर क्वीन बेलवाडी मल्लम्मा का किरदार निभाएंगी।