Baaghi 4 Box Office: क्या टाइगर श्रॉफ-संजय दत्त के एक्शन का नहीं चला जादू? दूसरे दिन लुढ़की 'बागी 4' की कमाई
Baaghi 4 Box Office Collection: फिल्म 'बागी 4' ने 05 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। ओपनिंग डे पर फिल्म ने डबल डिजिट में कमाई करते हुए शुरुआत की। जानते हैं आज दूसरे दिन शनिवार को फिल्म का क्या हाल है?
विस्तार
टाइगर श्रॉफ, संजय दत्त, हरनाज कौर संधू जैसे सितारों से सजी फिल्म 'बागी 4' थिएटर्स में सज गई है। यह साजिद नाडियाडवाला की 'बागी' फ्रेंचाईजी की चौथी फिल्म है। फिल्म का ट्रेलर जब से रिलीज हुआ, तब से इसकी जबर्दस्त चर्चा थी। ट्रेलर में काफी हिंसक दृश्य और एक्शन देखने को मिला। फिल्म में भी एक्शन देखने को मिला है। मगर, दो दिनों की कमाई देखते हुए लग रहा है कि दर्शकों पर इस एक्शन का जादू नहीं चल पाया है।
दूसरे दिन कलेक्शन में गिरावट दर्ज
ए. हर्षा के निर्देशन में बनी फिल्म 'बागी 4' ने कल शुक्रवार को ओपनिंग डे पर 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके शुरुआत की। आज शनिवार को इसकी कमाई में गिरावट देखी गई है। खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक 'बागी 4' ने आज शनिवार को 6.02 करोड़ रुपये कमाए हैं। दो दिनों में फिल्म का कारोबार 18.02 करोड़ रुपये हो गया है।
Baaghi 4 Movie Review: टाइगर की जोरदार वापसी, संजय दत्त का डरावना अंदाज छाया; लेकिन फिल्म लगती है बोझिल
'द बंगाल फाइल्स' के साथ हुआ मुकाबला
फिल्म 'बागी 4' का बॉक्स ऑफिस पर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' के साथ टकराव हुआ है। दोनों फिल्में कल शुक्रवार को रिलीज हुईं। हालांकि, कलेक्शन के मामले में 'बागी 4' आगे चल रही है। मगर, गौर करने वाली बात यह है कि इस फिल्म का बजट भी 'द बंगाल फाइल्स' के मुकाबले कहीं ज्यादा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'बागी 4' को 200 करोड़ रुपये की लागत में बनाया गया है। वहीं, 'द बंगाल फाइल्स' का बजट 30 करोड़ रुपये करीब है। 'द बंगाल फाइल्स' ने ओपनिंग डे पर 1.75 करोड़ रुपये कमाए थे। आज शनिवार को दूसरे दिन फिल्म का शुरुआती कारोबार 1.41 करोड़ रुपये है।
क्या मिल पाएगा हिट का टैग?
बता दें कि 'बागी' सीरीज की पहली फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी। दूसरी फिल्म यानी 'बागी 2' 2018 में और 'बागी 3' 2020 में रिलीज हुई। तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही हैं। मगर, फिल्म की चौथी किस्त का शुरुआती कलेक्शन इसके बजट को देखते हुए औसत है। ऐसे में फिल्म के लिए हिट का तमगा हासिल करना टेढ़ी खीर मालूम पड़ रहा है।
ये सितारे भी हैं फिल्म का हिस्सा
फिल्म 'बागी 4' में टाइगर श्रॉफ की परदे पर दमदार वापसी हुई है। संजय दत्त ने खलनायक का किरदार दमदार तरीके से अदा किया है। मगर, फिर भी यह फिल्म बोझिल लगती है। इस फिल्म में सोनम बाजवा, श्रेयस तलपड़े, सौरभ सचदेवा, उपेंद्र लिमये और सुदेश लहरी अहम भूमिकाओं में हैं।