Anusha Dandekar: अनुषा दांडेकर के घर आई नन्ही परी, क्या आपने देखी उनकी 'एंजल' की तस्वीर?
अनुषा दांडेकर ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की काफी तस्वीरें साझा की हैं। फैंस उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विस्तार
बॉलीवुड स्टार और वीजे अनुषा दांडेकर ने शुक्रवार (3 मई) को सोशल मीडिया पर एक बच्ची के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने उसे अपनी एंजल बताया और फैंस को उससे रूबरू कराया। अनुषा ने अपनी बेटी का नाम भी साझा किया। इस रिपोर्ट में हम आपको अनुषा दांडेकर और उनकी बेटी के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं।
अनुषा ने सोशल मीडिया पर दी यह जानकारी
अनुषा दांडेकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, 'आखिरकार मेरे पास मेरी छोटी-सी बच्ची है, जिसे मैं अपना कह सकती हूं। यह मेरी एंजल है। सहारा... मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी। मॉन्स्टर, गैंगस्टा और मैं आपका पूरा ख्याल रखेंगे। हमेशा आपको बुरी चीजों से बचाएंगे। आई लव यू बेबी गर्ल, आपकी मम्मा।' बता दें कि अनुषा ने अपनी बेटी के बारे में काफी सारी बातें साझा की हैं।
अनुषा ने पोस्ट कीं कई तस्वीरें
बता दें कि अनुषा ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की काफी तस्वीरें और वीडियो साझा किए। एक तस्वीर में अनुषा अपनी बेटी को निहारते नजर आईं। वहीं, एक अन्य वीडियो में मां-बेटी साथ खेलते दिखाई दिए। अनुषा के इस पोस्ट के बाद फैंस और फ्रेंड्स लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
कौन हैं अनुषा दांडेकर?
गौरतलब है कि अनुषा को सुपरमॉडल ऑफ द ईयर की होस्ट के रूप में जाना जाता है। वह सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी शानदार तस्वीरें पोस्ट करती रहती हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपने फोटोशूट की तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें उन्होंने अपने ब्रांड के सनस्क्रीन का प्रमोशन किया था। इन तस्वीरों में अनुषा बड़े-से हैट के साथ दिखी थीं।