Anurag Kashyap: क्या अनुराग कश्यप ने पीएम मोदी पर कसा तंज? ‘दिमागी नकल’ वाली टी-शर्ट ने खींचा फैंस का ध्यान
Anurag Kashyap Wear Dimagi Nakal T Shirt: अनुराग कश्यप अक्सर ही राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय देते रहे हैं। मौजूदा सरकार की अक्सर वह आलोचना भी करते हैं। हाल ही में वह ‘दिमागी नकल’ वाली एक टी-शर्ट पहने नजर आए। क्या इस टी-शर्ट के जरिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कस रहे हैं?
विस्तार
80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सशस्त्र नक्सलवाद खत्म हो रहा है लेकिन दिमागी नक्सल सोच रखने वाले लोग अशांति फैलाते हैं। पीएम के इस बयान के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स और सेलेब्स खुद को दिमागी नक्सल बताने लगे। प्रधानमंत्री मोदी के बयान का विरोध करने लगे। इस लिस्ट में अब निर्देशक अनुराग कश्यप भी शामिल हो गए हैं।
अनुराग ने डिनर पर पहनी ‘दिमागी नकल’ स्लोगन वाली टी-शर्ट
मंगलवार को अनुराग कश्यप ने इम्तियाज अली और कुछ दोस्तों के साथ डिनर की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में एक तस्वीर ने फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींचा। निर्देशक अनुराग कश्यप ने पीएम मोदी के बयान पर तंज कसने के मकसद से एक टी-शर्ट पहनी, इस टी-शर्ट पर ‘दिमागी नकल’ लिखा था।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के साथ अनुराग ने कैप्शन लिखा, ‘फैमिली डिनर और फिर मेरी टी-शर्ट जिसने ज्यादा ध्यान खींचा।’ फैंस ने भी अनुराग कश्यप के इस तंज को पसंद किया। उनकी टी-शर्ट की जमकर तारीफ की।
निर्देशन की बजाय अनुराग कश्यप अब अभिनय की दुनिया में ज्यादा सक्रिय हैं। बीते दिनों वह साउथ फिल्म ‘डकैत’ में नजर आए थे। एक और साउथ फिल्म ‘वन टू वन’ भी वह कर रहे हैं।
उनकी निर्देशित एक फिल्म ‘बंदर’ भी कुछ दिनों पहले रिलीज हुई थी, इसमें बॉबी देओल लीड रोल में थे।