Amitabh Bachchan: 'केबीसी' के सेट पर देरी के लिए अमिताभ ने मांगी माफी, बोले- 'वृद्धावस्था छिपाने के लिए...'
Amitabh Bachchan Kickstart KBC 18 Shoot: अमिताभ बच्चन ने हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन की शूटिंग शुरू की। शूट के दौरान महानायक मस्ती भरे अंदाज में नजर आए और इस दौरान उन्होंने दर्शकों से काफी बातें भी कीं।
विस्तार
10 अगस्त से टीवी के पॉपुलर शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन शुरू होगा। हाल ही में शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने इसका पहला एपिसोड शूट किया। इस दौरान अमिताभ ने दर्शकों के साथ खूब हंसी-मजाक किया। उन्होंने अपनी बढ़ती उम्र के बारे में भी काफी कुछ कहा। जानें क्या बोले बिग बी...
'छोटी-मोटी चीजों में वक्त लगता है'
सबसे पहले तो अमिताभ ने शो की शूटिंग देरी से शुरू होने पर दर्शकों से माफी मांगी। उन्होंने कहा, ‘हम सबसे पहले हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं। देर होगी क्योंकि आज यह इस नए सीजन की पहली रिकॉर्डिंग है। छोटी-मोटी तकनीकी चीजें सेट करने में वक्त लगता है।'
'मैं अब वृद्धावस्था में हूं'
आगे बिग बी ने अपनी वृद्धावस्था पर मजाक बनाने वालों को भी मजाकिया अंदाज में जवाब भी दिया। वह बोले, ‘किसी ने हमसे कहा कि जो हमारा चश्मा है वो गलत है। हमने कहा- क्या गलत है? हम तो पिछले 25 साल से यही चश्मा पहन रहे हैं तो वह बोले नहीं सर, हमें पीला-पीला दिखता है।
हमने बोला कि हमने उसे थोड़ा सा रंग दिया है, तो बोले- नहीं सर वो गड़बड़ हो जाएगा। हमने कहा- देखो भाई वृद्धावस्था में एक वृद्ध की उम्र का पता उसकी आंखों से चलता है। अब जो हमारी आंखें हैं वो वृद्धावस्था में पहुंच गई हैं तो उसे छिपाने के लिए थोड़ा सा टिंच मार दिया।'
कब शुरू होगा 'केबीसी 18' ?
अमिताभ बच्चन के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का यह 18वां सीजन है। इसका प्रीमियर 10 अगस्त को होगा। शो हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा। अमिताभ अब तक इस शो के 17 सीजन होस्ट कर चुके हैं। बीच में सिर्फ 2007 में शो का तीसरा सीजन शाहरुख खान ने होस्ट किया था।