अमर उजाला पोल: फिल्में देखने के लिए सिनेमाघर या ओटीटी प्लेटफॉर्म, ये है दर्शकों की राय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन में सिनेमाघरों को भी बंद कर दिया गया था। बीते साल से ही सिनेमाघर बंद है। बीच में खुले भी थे लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के कारण सभी सिनेमाघरों को फिर से बंद कर दिया गया था। लॉकडाउन के दौरान घरों में बैठे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन लोगों का ओटीटी के जरिए मनोरंजन भरपूर हुआ। अब अमर उजाला पोल में हमारा इस हफ्ते का सवाल भी इसी पर आधारित था। हमारा सवाल था- यदि राज्य सरकारें सिनेमा हॉल खोल देती हैं तो आप फिल्में देखने जाएंगे या फिर ओटीटी पर ही इनका आनंद लेंगे? इस पर लोगों की क्या राय रही ये हम आपको बताने जा रहे हैं।
लॉकडाउन के दौरान घरों में बैठे लोगों ने ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए रिलीज होने वाली हर फिल्म और सीरीज का लुत्फ उठाया। ओटीटी प्लेटफॉर्म को भी खूब फायदा हुआ और कई बड़ी फिल्मों को सीधे ओटीटी पर लाकर रिलीज कर दिया गया। तो वहीं दूसरी तरफ सिनेमाघरों के मालिकों और वहां काम करने वाले लोगों को काफी नुकसान पहुंचा।
लोगों को उम्मीद है कि सबकुछ ठीक होने के बाद सिनेमाघरों में फिर से चहल-पहल होगी और दर्शक फिल्में देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख करेंगे। लेकिन अमर उजाला के पोल के मुताबिक, अगर सिनेमाघरों के खोला भी जाए तो भी लोग फिल्मों के लिए ओटीटी के पक्ष में हैं।
पोल में 68.57 फीसदी लोगों ने ओटीटी पर ही फिल्में देखने की राय दी। तो वहीं 31.43 फीसदी लोग सिनेमाघरों के पक्ष में हैं। फिलहाल, पोल के हिसाब से तो लोग ओटीटी पर ही फिल्में और सीरीज देखना पसंद करेंगे।
इसके दो कारण हो सकते हैं। पहला या तो लोगों को ओटीटी का एक बार सब्सक्रिप्शन लेने पर साल भर फिल्में और सीरीज देखने को मिल रही है। दूसरा लोग कोरोना के कहर से अभी भी डरे हुए हैं और सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने में उन्हें संक्रमण का खतरा सता रहा है। खैर, जो भी कारण हो जब सिनेमाघर खुलेंगे तब हमें पता चल ही जाएगा कि आखिर दर्शकों को फिल्में कहां देखनी है।
इसके अलावा सिनेमाघरों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। राज्य सरकार और सिनेमाघरों के मालिक इस पर पहले ही कह चुके हैं। उनकी ओर से कहा गया था कि पहले से भी अधिक सावधानी बरती जाएगी और सिनेमाघरों के अंदर सेनिटाइजेशन और मास्क पहनने को लेकर सख्ती बरती जाएगी।