‘लापता लेडीज’ फेम एक्टर के आरोपों पर AICWA ने दिया ध्यान, मध्यप्रदेश के सीएम से की खास मांग; क्या है मामला?
Satendra Soni Controversy: शनिवार को आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म 'लापता लेडीज' में नजर आए सतेंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पेज पर वीडियो पोस्ट करते हुए मदद की गुहार लगाई। एक डायरेक्टर द्वारा मारपीट और काम का भुगतान ना करने की बात कही। इस मामले पर अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने ध्यान दिया है। मध्यप्रदेश के सीएम से मदद भी मांगी है।
विस्तार
सतेंद्र सोनी रविवार को सुरक्षित मुंबई पहुंच गए लेकिन शनिवार को यह कलाकार एक बड़ी मुश्किल में फंस गया था। सतेंद्र सोनी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक परेशान करने वाला वीडियो शेयर किया था। वीडियो में सतेंद्र रोते रहे थे। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के लिए उन्हें न पेमेंट दिया गया और डायरेक्टर पुष्पेंद्र ने उन्हें मारने की धमकी भी दी, मारपीट भी की।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने इस मामले में दखल दिया है। मध्यप्रदेश के सीएम से अनुरोध किया है कि वह पुलिस को सतेंद्र के मामले में एफआईआर करने का आदेश दें।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने जताई चिंता
एक्स (ट्विटर) पर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, फिल्म ‘लापता लेडीज' में काम करने वाले एक्टर सतेंद्र सोनी ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया है कि उन्हें एक फिल्म की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश के मैहर बुलाया गया था। उनके अनुसार 8 दिन काम करने के बावजूद उन्हें तय की गई फीस नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि उन्हें सिर्फ 50,000 रुपये का एडवांस मिला। साथ ही यह आरोप भी लगाया कि फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर ने उन्हें धमकाया।
सतेंद्र सोनी का शेयर किया गया भावुक वीडियो उस दर्द और परेशानी को दिखाता है जिससे वे गुजरे हैं। उनके आरोप भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों और वर्करों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करते हैं। किसी भी कलाकार या वर्कर को ऐसे बर्ताव का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।'
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से मामले में एफआईआर कराने की मांग की
आगे पोस्ट में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने एक खास अपनी की। इसमें वह लिखते हैं, ‘यह कोई मामूली बात नहीं है। मध्य प्रदेश सरकार को इस मामले का तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। हर वर्कर और कलाकार सम्मान, समय पर पेमेंट और धमकी से सुरक्षा का हकदार है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव से आग्रह करती है कि वे पुलिस को निर्देश दें कि एक्टर सतेंद्र सोनी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। मध्य प्रदेश में फिल्म वर्करों और कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।’
इस फिल्म में नजर आएंगे सतेंद्र
सतेंद्र सोनी ‘लापता लेडीज’ के अलावा 'डॉक्टर जी', 'बवाल' जैसी फिल्मों में नजर आए। साथ ही वह 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' और 'हेलो बच्चों' जैसी सीरीज का हिस्सा बने। अब तक ‘मिर्जापुर द मूवी’ में भी दिखाई देंगे।