'एक लड़की होने के नाते, मैं चुप नहीं रह सकती'; फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' पर बोलीं मीरा चोपड़ा, जानिए क्या कहा?
Meerra Chopraa On The Kerala Story 2: फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' सिनेमाघरों में लग चुकी है। इस फिल्म को लेकर तेलुगु इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा ने अपना रिएक्शन दिया है।
विस्तार
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' कल शुक्रवार को रिलीज हो गई है। एक तरफ इस फिल्म को लेकर विवाद है। कुछ लोग इसे 'प्रोपोगेंडा' फिल्म कहकर आलोचना कर रहे हैं। मगर, वहीं, फिल्म जब थिएटर्स में लग गई है तो इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही हैं। साउथ की चर्चित अभिनेत्री मीरा चोपड़ा ने इस फिल्म को देखने के बाद अपने विचार साझा किए हैं।
मीरा बोलीं- 'फिल्म नहीं, एक वेक-अप सायरन है'
मीरा चोपड़ा ने आज शनिवार को अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' को जरूर देखे जानी वाली फिल्म बताया है। वे लिखती हैं, 'फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह भारत के लिए एक वेक-अप सायरन है। एक हिंदू महिला होने के नाते, युवा लड़कियों को ग्रूम करने, जबर्दस्ती करने और सोच के आधार पर टारगेट करने को देखकर मुझे गुस्सा आता है। सिस्टमैटिक तरीके से उन्हें सिखाने और शोषण करने का तरीका डरावना है'।
कहा- 'महिलाओं की सुरक्षा 'प्रोपेगैंडा' नहीं'
मीरा चोपड़ा ने आगे लिखा है, 'एक लड़की होने के नाते, मैं चुप नहीं रह सकती। महिलाओं की सुरक्षा 'प्रोपेगैंडा' नहीं है। यह देशभक्ति है। अगर हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो हमारा देश सुरक्षित नहीं है। हमारी महिलाओं की रक्षा करें। हमारी सभ्यता की रक्षा करें'। उन्होंने आगे फिल्म के निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह और प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह को टैग करते हुए लिखा है, 'आपने इस फिल्म को बनाने में जो हिम्मत दिखाई है, उसके लिए उनकी तारीफ होनी चाहिए। मैं हर परिवार, हर बेटी और हर भाई से गुजारिश करूंगी कि वे यह फिल्म जरूर देखें'।
'द केरल स्टोरी 2' का बॉक्स ऑफिस
काफी विवादों के बाद शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन ठीक-ठाक शुरुआत की है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक ओपनिंग डे पर फिल्म ने 3.50 करोड़ रुपये से खाता खोला। फिल्म का पहला पार्ट ‘द केरल स्टोरी’ साल 2023 में रिलीज हुआ था। इसने पहले दिन 8.03 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। 'द केरल स्टोरी 2' पहले पार्ट का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई है। देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म वीकएंड पर क्या कमाल करती है।