50 Years Of Film Kunwara Baap: निर्देशक बने महमूद, बनाई संदेश देने वाली फिल्म, कहानी-अभिनय ने जीत लिया दिल
हास्य अभिनेता महमूद ने दर्शकों को अधिकतर अपनी फिल्मों के जरिए हंसाया है, लेकिन एक फिल्म ऐसी भी रही जिसमें हंसाने से ज्यादा उन्होंने दर्शकों को रुलाया। इस फिल्म का नाम ‘कुवांरा बाप’ था। इस फिल्म की आज गोल्डन जुबली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिंदी फिल्मों में जब भी हास्य यानी कॉमेडी की बात की जाती है, तो सबसे पहले अभिनेता महमूद का नाम लिया जाता है। उन्होंने बेहतरीन कॉमिक रोल अपनी कई फिल्मों में किए। साथ ही बतौर निर्देशक भी कुछ फिल्में बनाईं। इन्हीं फिल्मों में से एक फिल्म ‘कुवांरा बाप (29 नवंबर 1974)’ भी रही। इस फिल्म को आज पचास वर्ष पूरे हो गए हैं। उम्दा अभिनेता और निर्देशक महमूद की इस फिल्म से जुड़ी कुछ खास बातें, जानिए।
पिता-बेटे के रिश्ते को दिखाया
इस फिल्म में महमूद ने एक रिक्शेवाला का रोल किया। फिल्म में महेश नाम के रिक्शेवाले को एक बच्चा मंदिर के बाहर लावारिस पड़ हुआ मिलता है। वह उस बच्चे को अपने बेटे की तरह बड़ा करता है लेकिन इस बच्चे को पोलियो जैसा रोग हो जाता है। फिल्म में कुवांरा बाप बने महमूद किस तरह से बच्चे की परवरिश करते हैं, उसके लिए संघर्ष करते हैं, यही सबकुछ बहुत ही खूबसूरती से दिखाया गया है। पिता और बेटे के रिश्ते को इस फिल्म में बहुत ही अच्छे से दिखाया गया है।
पोलियो को लेकर जागरुकता फैलाई
इस फिल्म को बनाने का मकसद पोलियो को लेकर जागरुकता फैलाना रहा। दरअसल, फिल्म में जिस चाइल्ड एक्टर ने पोलियो ग्रस्त बच्चे का रोल निभाया, वह असल जिंदगी में महमूद का बेटा मैकी है। वह भी इसी समस्या से ग्रस्त था। ऐसे में दर्शकों के बीच पोलियो को लेकर जागरुकता फैलाने के लिए महमूद ने यह फिल्म बनाई। फिल्म के आखिर दृश्य में महमूद का किरदार महेश मर जाता है, यह दृश्य इतना भावुक है कि दर्शकों की आंखें गीली हो जाती हैं। मर चुके महेश यानी महमूद के चेहरे पर कैमरा जूम होता है और वह उठ खड़े होते हैं, दर्शकों की तरफ देखकर कहते हैं कि फिल्म के लिए मैं मरा हूं, असल में नहीं। फिर वह पोलियो जैसी समस्या पर बात करते हैं, लोगों को इसके प्रति जागरुक करते हैं। पोलियाे को लेकर संदेश देने वाली फिल्म ‘कुवांरा बाप’ को बॉक्स ऑफिस पर भी भरपूर सफलता मिली।
नामी कलाकारों ने निभाया गेस्ट रोल
महमूद को बॉलीवुड में बहुत सम्मान दिया जाता है, उनके कहने पर बड़े से बड़ा कलाकार भी फिल्मों में गेस्ट रोल कर लेता था। फिल्म ‘कुवांरा बाप’ में भी धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, संजीव कुमार, अमिताभ बच्चन, दारा सिंह, ललिता पंवार जैसे नामी कलाकारों ने मेहमान भूमिकाएं यानी गेस्ट रोल किए। इन कलाकारों के कारण भी दर्शकों की रुचि फिल्म में बनी रही।
कुछ और खास बातें
- महमूद ने फिल्म ‘कुवांरा बाप’ में संगीत निर्देशक राजेश रोशन को पहला मौका दिया। इस फिल्म के कई गाने उस समय काफी मशहूर हुए।
- इसी फिल्म के लिए महमूद को फिल्मफेयर अवॉर्ड (कॉमिक रोल) के लिए नॉमिनेट किया गया।
- दक्षिण भारतीय अभिनेत्री भारती और मनोरमा भी इस फिल्म में अहम किरदारों में नजर आईं।
- फिल्म ‘कुवांरा बाप’ में मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और लता मंगेशकर जैसे गायकों के साथ महमूद ने भी कुछ गाने गाए।