Rani Chatterjee Movies: पहली फिल्म से उड़ाया बॉक्स ऑफिस पर गर्दा, ये हैं रानी चटर्जी की चर्चित फिल्में
Rani Chatterjee Movies: रानी चटर्जी की फिल्म 'प्रिया ब्यूटी पार्लर' का आज ट्रेलर जारी हुआ है। भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अदाकारा ने कई चर्चित फिल्मों में काम किया है। जानते हैं...
विस्तार
रानी चटर्जी भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अदाकारा हैं। उन्हें परदे पर देखने के लिए फैंस उत्साहित रहते हैं। इन दिनों वे अपनी आगामी फिल्म 'प्रिया ब्यूटी पार्लर' को लेकर चर्चा में हैं। आज 14 फरवरी को इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है। इसमें पहली बार रानी एक ब्यूटीशियन का किरदार अदा करती नजर आएंगी। रानी चटर्जी ने भोजपुरी इंडस्ट्री की कई चर्चित फिल्मों में काम किया है।
ससुरा बड़ा पैसावाला
अदाकारा रानी चटर्जी को भोजपुरी सिनेमा में काम करते हुए 21 साल पूरे हो गए हैं। रानी ने फिल्म 'ससुरा बड़ा पैसावाला' से वर्ष 2003 में अपना अभिनय सफर शुरू किया। यह फिल्म इतनी हिट रही कि रानी डेब्यू फिल्म के साथ ही रातोंरात सुपरस्टार बन गईं। रानी चटर्जी अपनी डेब्यू फिल्म में मनोज तिवारी के साथ दिखाई दीं। 'ससुरा बड़ा पैसावाला' ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया था।
इन चर्चित फिल्मों में आ चुकी हैं नजर
इसके अलावा रानी चटर्जी 'बंधन टूटे ना', 'दामाद जी', 'दिलजले', 'फूल बनल अंगाल' जैसी फिल्मों में नजर आईं। इनकी चर्चित फिल्मों के नाम हैं- 'इंस्पेक्टर चांदनी', 'रानी चली ससुराल', 'लेडी डॉन', 'सुपर दीदी' और 'पिया परदेसी'। रानी चटर्जी भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं। सोशल मीडिया पर भी इनकी जबर्दस्त लोकप्रियता है। इन्हें करीब दो मिलियन से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
मिल चुके हैं कई सम्मान
रानी चटर्जी को अपने अभिनय के लिए कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। पहली ही फिल्म 'ससुरा बड़ा पैसावाला' के लिए रानी को कई अवॉर्ड मिले। इसके लिए रानी को पांच भोजपुरी फिल्म अवॉर्ड और तीन इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। फिर फिल्म 'देवरा बड़ा सतावेला' के लिए उन्हें साल 2010 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार पहली बार मिला। साल 2013 में रानी को फिल्म 'नागिन' में अपनी भूमिका के लिए बेस्ट एक्ट्रेस ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया।
मुस्लिम परिवार में हुआ जन्म
सिनेमा की दुनिया में रानी चटर्जी के नाम से मशहूर अभिनेत्री का असली नाम सबीहा शेख है। उनका जन्म 3 नवंबर 1979 को मुंबई के एक मुस्लिम परिवार में हुआ। उनकी परवरिश मुंबई में हुई है। रानी चटर्जी ने भोजपुरी सिनेमा में करियर शुरू किया और वहां का चर्चित चेहरा हैं। मगर, इन्होंने पंजाबी इंडस्ट्री में भी काम किया है। पंजाबी फिल्म 'आसरा' में रानी काम कर चुकी हैं। इसके अलावा रानी वेब सीरीज में भी काम कर चुकी हैं।
Priya Beauty Parlour Trailer: महिलाओं के सपने...समाज की हकीकत और रुढ़ियों का रोड़ा, सबकी कलई खोलता है ट्रेलर