भरत कपूर ने रंगमंच से शुरू किया था अभिनय का सफर; चेतन आनंद ने दिया था बड़ा मौका; टेलीविजन पर भी छोड़ी छाप
Who Was Bharat kapoor: अभिनेता भरत कपूर इस दुनिया में नहीं रहे। 80 वर्ष की आयु में उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उनका निधन हो गया। आज सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। कौन थे भरत कपूर? जानिए
विस्तार
अभिनेता भरत कपूर का 27 अप्रैल 2026 को निधन हो गया। वे बीते तीन दिनों से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। भरत कपूर के करीबी दोस्त और अभिनेता अवतार गिल ने इस खबर की पुष्टि की है। भरत कपूर ने फिल्मों से लेकर छोटे पर्दे तक अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया। मगर, उनके अभिनय सफर की शुरुआत रंगमंच से हुई थी। यहां पर चेतन आनंद की नजर उन पर पड़ी और इस तरह भरत कपूर को बड़ा मौका मिला।
रंगमंच से खुले अभिनय के रास्ते
15 अक्तूबर 1945 को जन्मे भरत कपूर ने दो सौ से ज्यादा फिल्मों में काम किया। कई चर्चित सीरियल में उन्होंने दमदार भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने हर तरह के रोल किए। नेगेटिव भूमिकाओं में भी उन्हें पसंद किया गया। मगर, इससे पहले उन्होंने रंगमंच के जरिए अभिनय की बारीकियां सीखीं। रंगमंच को एक्टिंग के सफर का शुरुआती और अहम पड़ाव माना जाता है और यहीं से इंडस्ट्री के रास्ते खुलते हैं। ऐसा ही भरत कपूर के साथ हुआ।
1972 में शुरू हुआ अभिनय का सफर
भरत कपूर ने 1972 में फिल्म 'जंगल में मगल' से एक्टिंग का सफर शुरू किया था। इसमें वे पुलिस इंस्पेक्टर के रोल में दिखे। मगर, इससे पहले उन्होंने नाटक मंचन में खूब बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भरत कपूर को 'तनहाई' नाटक के मंचन के दौरान ही दिग्गज निर्देशक चेतन आनंद ने देखा था और वे काफी प्रभावित हुए। उन्होंने भरत कपूर को अपनी फिल्म 'हिंदुस्तान की कसम' में मौका दिया। हालांकि, थिएटर के चलते ही भरत कपूर पहले भी कुछ फिल्मों और टीवी शो में भूमिकाएं निभा चुके थे। मगर, चेतन आनंद जैसे निर्देशक का ऑफर जैसे ही भरत कपूर के पास आया, उन्होंने तुरंत हा कर दी।
नेगेटिव रोल में भी खूब छाए
भरत कपूर ने शुरुआत में साइड हीरो के रूप में काम किया। मगर, बाद में उन्होंने कुछ फिल्मों में बतौर हीरो भूमिकाएं निभाईं। इनमें से 'क्षितिज' नाम की एक फिल्म थी, जिसमें वे हीरो बने। भरत कपूर की यादगार फिल्मों में सोने पे सुहागा (1988), बलिदान (1985) और मीनाक्षी: टेल ऑफ 3 सिटीज (2004) शामिल थीं। विलेन की भूमिकाएं भी भरत कपूर ने खूब कीं। साल 1979 में आई यश चोपड़ा की 'नूरी' ने भरत कपूर ने बतौर विलेन इंडस्ट्री में स्थापित किया था। 'नूरी' में भरत ने विलेन बशीर खान का किरदार निभाया, जो खूब पसंद किया गया।
टीवी सीरियल में भी बनाई पहचान
अभिनय के मामले में भरत कपूर का छोटे पर्दे पर भी खूब दबदबा रहा। उन्हें कैंपस, परंपरा, राहत, सांस, अमानत, भाग्यविधाता, तारा, चुनौती और चंद्रकांता जैसे टीवी शो में देखा गया। भरत कपूर ने करीब चार दशक तक इंडस्ट्री में काम किया। अभिनय के दम पर छोटी भूमिकाओं से भी बड़ा एक्टर कैसे बना जा सकता है, यह भरत कपूर से सीखा जा सकता है।
भरत कपूर की फैमिली
भरत कपूर की शादी लोपा कपूर से हुई। इनके तीन बच्चे हैं। इनके बेटे राहुल कपूर निर्देशक हैं। बेटी का नाम कविता अरोड़ा है, जिनकी शादी अजय अरोड़ा से हुई है। भरत कपूर का एक बेटा सागर कपूर है। बता दें कि 30 अप्रैल को भरत कपूर की प्रार्थना सभी रखी जाएगी।