Ashish Chanchlani: विवाद के बाद पहली बार बोले आशीष चंचलानी, वीडियो शेयर कर कहा- ‘मुश्किल वक्त से लड़ लेंगे’
कुछ वक्त पहले समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ पर यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने एक अश्लील मजाक किया। इसके बाद एक बड़ी कंट्रोवर्सी हुई। इन पर पुलिस केस हुए। इस शो में कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी भी शामिल थे। उन पर भी शिकायत दर्ज हुई, बाद में जमानत भी मिल गई थी। हाल ही में आशीष चंचलानी ने एक इमोशन सोशल मीडिया पोस्ट किया। जानिए, क्या कहा आशीष ने?
विस्तार
पिछले दिनों स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया, जसप्रीत सिंह और अपूर्वा मखीजा और आशीष चंचलानी पर पुलिस में शिकायत दर्ज हुई। ये सभी समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में शामिल हुए थे, जहां पर माता-पिता को लेकर अश्लील जोक्स कहे गए। इसके बाद असम के अलावा कई राज्यों में इन सभी लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई। आशीष पर भी गुवाहाटी में शिकायत दर्ज हुई, लेकिन बाद में गौहाटी हाई कोर्ट ने आशीष चंचलानी को जमानत दे दी थी। इसके बाद से ही आशीष सोशल मीडिया पर नजर नहीं आए। लेकिन हाल ही में उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट अपने फैंस के लिए किया।
मुश्किल वक्त से लड़ने की बात कही
कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने कुछ देर पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वह कह रहे हैं, ‘आपको लोग के मैसेज मैंने पढ़ लिए हैं। मैं जानता हूं कि क्या चल रहा है। मैंने सोचा स्टोरी में आकर आप लोगों से बात कर लेता हूं, लेकिन अभी स्टोरी वीडियो बना रहा हूं तो समझ नहीं आ रहा है कि क्या कहूं? लड़ लेंगे इस सिचुएशन से, देखते हैं इस मुश्किल वक्त को, सीख लेंगे कुछ नया।’
विज्ञापन विज्ञापन
अपने फैंस से मांगा सपोर्ट
आगे वीडियो में आशीष कहते हैं, ‘ अभी काम थोड़ा एफेक्ट हुआ है। लेकिन मैं जब भी वापस आऊंगा, आप मुझे याद रखना। मुझे और मेरे परिवार को अपनी दुआ में रखना। मुझे सपोर्ट करना। मैं खूब मेहनत करूंगा। आप सब लोग भी अपना ध्यान रखें।’
आशीष के फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उन्हें सपोर्ट किया है। कई यूजर्स ने लिखा है कि वे आशीष को सपोर्ट करते हैं और उन्हें पता है कि उनकी कोई गलती नहीं थी। कई यूजर्स यह भी लिखते हैं कि यह वक्त भी गुजर जाएगा, आशीष चिंता ना करे।